कैमूर में बाढ़ की आशंका के बीच DM ने किया संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण, अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश
फोटो.16. राजेश्वर घाट पर लोगों से बात चीत करते डीएम | Prabhat Khabar Network
भभुआ में भारी बारिश के बाद डीएम ने आधा दर्जन संवेदनशील स्थलों का दौरा किया और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
Kaimur News : जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण को लेकर बैठक की. बैठक के बाद जिलाधिकारी ने स्वयं जिले के करीब आधा दर्जन संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.
आपके शहर में
रतवार से राजेश्वर घाट तक लिया स्थिति का जायजा
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी नदियों के आसपास स्थित रतवार, मोहनियां पंप हाउस, बैलौड़ी, कुदरा तथा दुर्गावती नदी के राजेश्वर घाट पहुंचे. सभी स्थानों पर उन्होंने जलस्तर और आसपास की स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों से संभावित बाढ़ की स्थिति में की गयी तैयारियों की जानकारी भी ली.
फिलहाल गंभीर नहीं है जलस्तर
निरीक्षण के दौरान किसी भी स्थान पर जलस्तर गंभीर स्थिति में नहीं पाया गया. मौके पर किसी तरह के तत्काल खतरे की आशंका भी नहीं देखी गयी. इसके बावजूद जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया, ताकि जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी होने पर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
राजेश्वर घाट पर ग्रामीणों से किया संवाद
राजेश्वर घाट पहुंचने के दौरान जिलाधिकारी ने वहां मौजूद स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत की. ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी अपनी समस्याओं और परेशानियों से उन्हें अवगत कराया. जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की बात सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
आमजनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वर्तमान परिस्थिति में पूरी सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करें. क्षेत्र में जलस्तर और बाढ़ की स्थिति की लगातार निगरानी की जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित आपात स्थिति में आमजनों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
निरीक्षण में विधायक समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मोहनियां विधायक संगीता कुमारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी मोहनियां, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता, दुर्गावती जलाशय परियोजना के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित सहायक पदाधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए