जहानाबाद में 49 भूमिहीन स्कूलों के लिए जमीन चिह्नित करने का अल्टीमेटम: DM का सख्त आदेश, 16 सितंबर तक पूरी हो मापी

Updated:
विज्ञापन

समीक्षा करते डीएम | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जहानाबाद डीएम ने भूमिहीन विद्यालयों के लिए प्राथमिकता पर भूमि मापी करने और कायाकल्प योजना के तहत विकास कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है.

विज्ञापन

Jehanabad News: जिला पदाधिकारी (डीएम) छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि उपलब्धता, कायाकल्प योजना, स्वास्थ्य सेवाओं, 'स्कूल चले हम' और आगामी 'सेवा संकल्प अभियान' की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के भूमिहीन विद्यालयों का मुद्दा प्रमुखता से उठा. जिले के कुल 49 प्राथमिक और उच्च विद्यालयों के पास अपनी जमीन नहीं है, जिनमें से अब तक 9 के लिए भूमि चिह्नित की गई है और मात्र 3 की मापी पूरी हो सकी है. डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (BEO) को स्वयं क्षेत्र भ्रमण करने और स्थानीय जनप्रतिनिधियों (मुखिया व वार्ड पार्षद) के सहयोग से 16 सितंबर तक शेष सभी विद्यालयों की भूमि चिह्नांकन और पैमाइश का कार्य हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया.

विज्ञापन

स्वास्थ्य केंद्रों पर पीओपी कास्ट की उपलब्धता और गैर-जरूरी रेफरल रोकने पर जोर

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान हालिया घटनाओं के मद्देनजर डीएम ने दुर्घटना पीड़ितों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों पर ही समुचित प्राथमिक उपचार मुहैया कराने पर विशेष बल दिया. उन्होंने सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पीओपी (प्लास्टर ऑफ पेरिस) कास्ट सहित ट्रॉमा व दुर्घटना प्रबंधन से जुड़ी सभी जीवनरक्षक दवाओं और सामग्रियों की पर्याप्त उपलब्धता अनिवार्य करने का निर्देश दिया. यदि सामग्री की कमी हो, तो तुरंत सिविल सर्जन अथवा बीएमआईसीएल (BMSICL) को अधियाचना भेजने को कहा गया. इसके साथ ही डॉक्टरों को अपने केंद्र पर उपस्थित रहकर अनावश्यक रेफरल टालने और 'चिकित्सा आपके द्वार' कार्यक्रम के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया.

कायाकल्प योजना: हर पंचायत में 13 कार्य, 24 सितंबर तक पोर्टल एंट्री का लक्ष्य

कायाकल्प योजना की प्रगति परखते हुए डीएम ने अधिकारियों को पोर्टल एक्टिव होने की प्रतीक्षा किए बिना एक्सेल शीट में योजनाओं का डाटा तैयार रखने को कहा, ताकि पोर्टल खुलते ही मिशन मोड में काम हो सके. सभी चयनित योजनाओं की पोर्टल प्रविष्टि 24 सितंबर तक पूरी करने, भवनों की रंगाई-पुताई दीपावली से पूर्व कराने और मरम्मत का कार्य 30 नवंबर तक समाप्त करने की समय-सीमा तय की गई. योजना के तहत प्रत्येक पंचायत में कार्यों की संख्या 10 से बढ़ाकर 13 करने तथा हर प्रखंड में न्यूनतम 5 नए आंगनबाड़ी केंद्रों को अनिवार्य रूप से शामिल करने का आदेश दिया गया. पारदर्शिता के लिए कार्य शुरू होने से पहले जीपीएस लोकेशन और समय सहित 'बिफोर फोटोग्राफ' लेना अनिवार्य किया गया है.

'स्कूल चले हम' और 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर डीएम सख्त

"14 सितंबर से सभी प्रधानाध्यापक वास्तविक आंकड़ों के आधार पर दैनिक छात्र उपस्थिति एक्सेल शीट में दर्ज करेंगे और प्रतिदिन शाम 5 बजे वीसी के माध्यम से इसकी समीक्षा होगी. 17 सितंबर से शुरू होने वाला 'सेवा संकल्प अभियान' केवल दफ्तरों तक सीमित न रहे, बल्कि दरधा नदी की सफाई, नशा मुक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए जन-जन तक पहुंचे. मैं स्वयं विभिन्न प्रखंडों और आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक स्थलीय निरीक्षण करूंगी, कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों पर सीधी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी."- छिरिङ वाई भूटिया, जिला पदाधिकारी, जहानाबाद

Also Read: जहानाबाद में बाजार निकली युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता: परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका, 2 महिलाओं समेत 5 पर FIR

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन