जहानाबाद में जन्माष्टमी की धूम, लड्डू गोपाल की पोशाक से लेकर मोर वाले झूलों तक बाजार में बढ़ी खरीदारी

Updated:
विज्ञापन

लड्डू गोपाल का श्रृंगार सामग्री खरीदते ग्राहक | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद में कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में रौनक, लड्डू गोपाल की पोशाक, मोर डिजाइन वाले झूले और आकर्षक शृंगार सामग्री की जमकर हो रही है खरीदारी।

विज्ञापन

जिले में कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार शुक्रवार को धूमधाम के साथ मनाया जाएगा. भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गयी है. शहर के प्रमुख बाजारों में पूजन सामग्री, लड्डू गोपाल की पोशाक, झूले, मुकुट, आभूषण और सजावटी सामानों की दुकानें सज गयी हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

सुबह से शाम तक उमड़ रही खरीदारों की भीड़

जन्माष्टमी की तैयारी को लेकर सुबह से शाम तक बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है. लोग घरों में लड्डू गोपाल के जन्मोत्सव की तैयारी के लिए अपनी पसंद के सामान खरीद रहे हैं. जन्माष्टमी को लेकर खरीदारी बढ़ने से बाजार में भी रौनक देखने को मिल रही है.

मोर की आकृति वाले झूले बने पहली पसंद

पूजा भंडार के दुकानदारों के अनुसार, इस बार मोर की आकृति वाले झूले और स्टोन नेट से तैयार कान्हा की पोशाक लोगों की पहली पसंद बनी हुई है. इसके अलावा स्टील के झूलों की भी अच्छी मांग है. सफेद स्टोन से सजे सिंहासन भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं.

राधा रानी की पोशाकों की भी बढ़ी मांग

बाजार में लड्डू गोपाल के साथ राधा रानी की पोशाकों की भी अच्छी बिक्री हो रही है. दुकानों पर लहंगा चुनरी सेट, मोरपंख वाली पोशाक, जरदोजी, गोटा पत्ती और कुंदन वर्क से सजी डिजाइनर पोशाकें उपलब्ध हैं. साधारण सूती और रेशमी पोशाकों की कीमत करीब 50 रुपये से शुरू हो रही है, जबकि भारी जरदोजी, गोटा पत्ती और कुंदन वर्क वाली डिजाइनर पोशाकें 1,500 रुपये तक में बिक रही हैं.

मुकुट, मुरली और मोरपंख की भी खरीदारी

राधा कृष्ण के आभूषण, मोतियों की मालाएं, मुकुट, मुरली और मोरपंख की भी मांग बढ़ गयी है. बच्चों के लिए राधे राधे प्रिंट वाले कपड़े और मुकुट मुरली सहित कृष्ण सेट भी पसंद किए जा रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार पोशाक और शृंगार सामग्री खरीद रहे हैं.

100 से 10 हजार रुपये तक के झूले

लड्डू गोपाल को झुलाने के लिए बाजार में लकड़ी, मेटल, स्टील, पीतल और मखमली नक्काशीदार झूलों की अलग अलग रेंज उपलब्ध है. छोटे और साधारण झूले 100 रुपये से शुरू हो रहे हैं, जबकि आकर्षक डिजाइन और नक्काशी वाले झूलों की कीमत 10 हजार रुपये तक पहुंच रही है. इस बार मोर की आकृति वाले झूले और स्टील के झूले ग्राहकों के बीच विशेष आकर्षण बने हुए हैं.

कान्हा के संपूर्ण शृंगार की सामग्री उपलब्ध

जन्माष्टमी पर केवल पोशाक और झूलों की ही नहीं, बल्कि कान्हा के संपूर्ण शृंगार की सामग्री की भी जमकर खरीदारी हो रही है. बाजार में मुकुट, मोरपंख, मोतियों की माला, चरण पादुका तथा चांदी और पीतल की बांसुरी की कई नयी वैरायटी उपलब्ध हैं. लड्डू गोपाल के लिए आकर्षक सिंहासन और शृंगार सामग्री भी दुकानों पर उपलब्ध है.

ALSO READ: गया जी: डुमरिया में लगातार बारिश से तीन खपरैल मकान धराशायी, घरेलू सामान और अनाज बर्बाद

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन