जहानाबाद: बंधन बैंक ATM में मदद के बहाने शातिर ने बदला युवती का कार्ड, खाते से उड़ाए 50 हजार रुपये; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Updated:
विज्ञापन

जहानाबाद में बंधन बैंक एटीएम के पास मदद के बहाने युवती का कार्ड बदलकर 50 हजार रुपये की ठगी की गई. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की तलाश कर रही है.

विज्ञापन

Jehanabad News: जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीजी रोड स्थित बंधन बैंक के एटीएम (ATM) में पैसे निकालने गई एक युवती शातिर साइबर ठग का शिकार हो गई. एटीएम बूथ के अंदर मदद का झांसा देकर एक अज्ञात जालसाज ने चालाकी से युवती का एटीएम कार्ड बदल लिया और चंद मिनटों के भीतर उसके बैंक खाते से तीन किस्तों में कुल 50 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली.

आपके शहर में

विज्ञापन

पीड़िता की पहचान काको थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव निवासी मकबूल अंसारी की पुत्री खुशबु प्रवीण के रूप में हुई है. पीड़िता की लिखित शिकायत पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है.

मदद का झांसा देकर थमाया दूसरा कार्ड

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुशबु प्रवीण आवश्यक कार्यवश पीजी रोड स्थित बंधन बैंक के एटीएम बूथ में नकदी निकालने पहुंची थीं. इसी दौरान एटीएम में पहले से मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने लेनदेन में मदद करने की बात कही और युवती का कार्ड अपने हाथ में ले लिया.

आरोप है कि शातिर ने नजरें बचाकर युवती का मूल एटीएम कार्ड अपनी जेब में रख लिया और बदले में उसी तरह का कोई दूसरा फर्जी कार्ड युवती को थमा दिया.

तीन किस्तों में निकाले ₹50 हजार, मैसेज आते ही उड़े होश

कार्ड बदलने के कुछ ही समय बाद जब युवती एटीएम से बाहर निकली, तो उसके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर लगातार पैसे कटने के मैसेज आने लगे पहली बार में जालसाज ने ₹25,000 की निकासी की. दूसरी बार में खाते से ₹15,000 निकाले गए. तीसरी बार में ₹10,000 की अंतिम निकासी की गई. मोबाइल पर कुल ₹50 हजार कटने का अलर्ट देखकर युवती के होश उड़ गए. ठगी का अहसास होते ही पीड़िता ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बैंक के कस्टमर केयर पर कॉल कर कार्ड को ब्लॉक करवाया.

साइबर हेल्पलाइन 1930 और थाने में दर्ज कराई शिकायत

पीड़िता ने घटना की सूचना तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई. इसके उपरांत नगर थाना पहुंचकर अज्ञात जालसाज के विरुद्ध लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई. नगर थाना पुलिस ने कांड दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस एटीएम बूथ और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

Also Read: जहानाबाद: चीनी के बढ़े दामों और जमाखोरी पर प्रशासन सख्त, SDO ने थोक विक्रेताओं के साथ की बैठक; गोदामों के औचक निरीक्षण के निर्देश


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन