साउथ बिहार एक्सप्रेस में महिला ने बच्ची को दिया जन्म

छत्तीसगढ़ राज्य के रायपुर से अपने दो बच्चों के साथ पटना जा रही एक गर्भवती महिला ने बुधवार को साउथ बिहार एक्सप्रेस के सामान्य बोगी में एक बच्ची को जन्म दिया.
झाझा . छत्तीसगढ़ राज्य के रायपुर से अपने दो बच्चों के साथ पटना जा रही एक गर्भवती महिला ने बुधवार को साउथ बिहार एक्सप्रेस के सामान्य बोगी में एक बच्ची को जन्म दिया. झाझा में प्रसव के दौरान बोगी में मौजूद महिला यात्रियों ने मानवता दिखाते हुए प्रसूता की मदद की. घटना की सूचना रेल प्रशासन को मिलते ही जच्चा-बच्चा को रेफरल अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने महिला का उपचार किया और नवजात बच्ची को आवश्यक टीके लगाये. प्रसूता की पहचान पटना जिले के फासीगंज निवासी अमित लोहानी की पत्नी खुशबू कुमारी के रूप में हुई है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नवाब ने अस्पताल पहुंचकर मां और बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा परिजनों को घटना की सूचना दी. डॉ नवाब ने बताया कि परिजनों के आने तक अस्पताल प्रशासन की ओर से महिला और उसके तीनों बच्चों के भोजन व अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है. अस्पताल की महिला कर्मी व अन्य मरीजों के परिजन भी नवजात की देखभाल में सहयोग कर रहे हैं. जिससे अस्पताल परिसर में खुशी का माहौल बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पंकज कुमार सिंह
पंकज कुमार सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के जमुई कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










