सोनो-चकाई मार्ग पर यात्रियों से भरा टैंपो पलटा, महिला-बच्चों समेत आधा दर्जन घायल
घायल महिला कंचन देवी
सोनो-चकाई मार्ग पर टैंपो पलटने से आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Road Accident: जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-333 पर बेलाटांड़ मोड़ के पास रविवार को यात्रियों से भरा एक टैंपो असंतुलित होकर पलट गया. दुर्घटना में महिला और बच्चों समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई.
आपके शहर में
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता
हादसे के बाद टैंपो में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनो भेजा गया, जबकि कुछ घायलों का स्थानीय क्लिनिक में प्राथमिक उपचार कराया गया.
महिला समेत कई यात्री घायल
घायलों की पहचान बाबूडीह निवासी सलमा खातून, झारखंड के गिरिडीह निवासी कंचन देवी, उनके पति छोटू विश्वकर्मा और उनके बच्चे, खैरा प्रखंड के झुण्डों गांव निवासी रेहाना खातून, नरगिश खातून तथा टैंपो चालक मंगल सिंह उर्फ मांगो के रूप में हुई है. गंभीर रूप से घायल सलमा खातून को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर किया गया. वाहन में सवार अन्य यात्रियों और बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं.
हादसे को लेकर अलग-अलग दावे
टैंपो में आगे की सीट पर बैठे घायल छोटू विश्वकर्मा ने बताया कि चालक को झपकी आ रही थी. उन्होंने चालक को सावधान भी किया था, लेकिन बेलाटांड़ मोड़ पर वाहन का पहिया सड़क किनारे रखे बड़े पत्थर से टकरा गया और टैंपो पलट गया.वहीं चालक मंगल सिंह ने झपकी आने की बात से इनकार किया. उनका कहना है कि टैंपो का स्टीयरिंग अचानक ढीला हो गया, जिससे वाहन मोड़ पर सही ढंग से नहीं मुड़ सका और पत्थर से टकराकर पलट गया.
पुलिस कर रही जांच
Road Accident: घटना की सूचना मिलते ही सोनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. चालक और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए