प्रसव के कुछ घंटे बाद ही खुशबू ने दी इंटर की परीक्षा

Updated at : 06 Feb 2026 9:12 PM (IST)
विज्ञापन
प्रसव के कुछ घंटे बाद ही खुशबू ने दी इंटर की परीक्षा

प्लस टू राज्य संपोषित उच्च विद्यालय सोनो स्थित परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली में जब प्रसव के तीन घंटे बाद ही अस्पताल से अपने नवजात को गोद में लिये सीधे परीक्षा केंद्र पर एक छात्रा पहुंची तब अन्य परीक्षार्थी समेत केंद्र के शिक्षक भी दंग रह गये.

विज्ञापन

सोनो . इंटर की चल रही परीक्षा में शुक्रवार को एक छात्रा की बेहद भावुक और प्रेरणादायी तस्वीर सामने आयी. प्लस टू राज्य संपोषित उच्च विद्यालय सोनो स्थित परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली में जब प्रसव के तीन घंटे बाद ही अस्पताल से अपने नवजात को गोद में लिये सीधे परीक्षा केंद्र पर एक छात्रा पहुंची तब अन्य परीक्षार्थी समेत केंद्र के शिक्षक भी दंग रह गये. प्रसव पीड़ा से अभी-अभी उबरी एक मां अपनी कमजोरी व परेशानियों को सहते हुए अपने नवजात के साथ परीक्षा देने पहुंची तब उपस्थित लोगों ने शिक्षा के प्रति एक मां के समर्पण को सलाम किया. चकाई प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय पाण्डेयडीह की छात्रा खुशबू कुमारी गर्भ के अंतिम समय में भी सोनो स्थित केंद्र में परीक्षा देने आयी. शुक्रवार सुबह उसे प्रसव पीड़ा हुई. इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनो ले जाया गया, जहां उसने एक शिशु को जन्म दिया. प्रसव के बाद उसे आराम और चिकित्सीय देखरेख की जरूरत थी. लेकिन कुछ ही घंटे बाद हिंदी विषय की परीक्षा भी थी. परिजनों ने उसे परीक्षा छोड़ने का सुझाव दिया, लेकिन खुशबू ने परीक्षा में शामिल होने का निर्णय लिया. उसने परिवार सदस्यों से कहा कि वह भविष्य से कोई समझौता नहीं करेगी. इसके बाद वह अस्पताल से सीधे नवजात शिशु को साथ लेकर प्लस टू राज्य संपोषित उच्च विद्यालय सोनो स्थित परीक्षा केंद्र पहुंच गयी. कमजोर शरीर के बावजूद छात्रा के चेहरे पर आत्मविश्वास व आंखों में लक्ष्य की स्पष्ट चमक नजर आ रही थी. केंद्राधीक्षक लक्ष्मीकांत पांडेय ने छात्रा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी. हालांकि खुशबू ने सामान्य परीक्षार्थियों की तरह अपनी सीट पर बैठकर शांत मन से परीक्षा दी. जैसे ही यह खबर बाहर फैली पूरे क्षेत्र में छात्रा के साहस और जज्बे की सराहना होने लगी. शिक्षकों और अभिभावकों ने इसे नारी शक्ति, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति निष्ठा का जीवंत उदाहरण बताया. खुशबू ने अपने दृढ़ संकल्प से समाज को यह संदेश भी दिया कि सामने हालात जैसे भी हों, लेकिन लक्ष्य तक पहुंचने से पहले हार नहीं मानें. उसने नारी के भीतर मजबूत इच्छा शक्ति का सशक्त उदाहरण पेश किया.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन