जमुई में EOU का सबसे बड़ा एक्शन : जिप अध्यक्ष दुलारी देवी व पति गुड्डू यादव समेत 24 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

Updated:
विज्ञापन

छापेमारी करती आर्थिक अपराध की टीम.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Jamui EOU Raid :आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने जमुई में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी, उनके पति गुड्डू यादव और उनके करीबी लोगों के 24 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है

विज्ञापन

जमुई से पंकज सिंह की रिपोर्ट

विज्ञापन

Jamui EOU Raid : जमुई जिले में मंगलवार की सुबह आर्थिक अपराध इकाई की कई टीमों ने एक साथ छापेमारी शुरू की. यह कार्रवाई जमुई जिले के 23 स्थानों और शेखपुरा जिले के एक ठिकाने पर की गई. जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी, उनके पति गुड्डू यादव और उनके करीबी लोगों के आवास, पेट्रोल पंप, सरकारी आवास, ससुराल और अन्य संपत्तियों की गहन तलाशी ली गई. सुबह से शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक जारी रही, जिससे पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा.

करीबियों के घर भी पहुंची जांच टीम

ईओयू की कार्रवाई केवल दुलारी देवी और गुड्डू यादव तक सीमित नहीं रही. जांच टीम ने उनके कई करीबी लोगों के घरों पर भी एक साथ दबिश दी. इनमें सरकारी शिक्षक शहनवाज अली, उप प्रमुख नैयर खान, प्रवीण मिश्रा, रघुनंदन यादव, प्रमोद यादव, मनोज यादव, बबलू मिश्रा, विपिन यादव और छोटू यादव समेत कई लोगों के ठिकाने शामिल रहे. शेखपुरा जिले के एकरामा गांव स्थित अनुज यादव के घर पर भी टीम ने जांच की.

ससुराल, पेट्रोल पंप और कई संपत्तियों की हुई जांच

ईओयू की टीम ने सिकंदरा में गुड्डू यादव के दो आवास, उनके भाई ललन यादव के मकान, पेट्रोल पंप और जमुई शहर के बोधवन तालाब स्थित आवास की तलाशी ली. वहीं खैरा प्रखंड के डुमरकोला गांव स्थित उनके ससुराल में भी जांच की गई. जांच के दौरान बड़ी संख्या में दस्तावेजों और संपत्तियों का सत्यापन किया गया.

हथियार मिलने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं

सूत्रों के अनुसार, खेंओसर गांव में छोटू यादव के घर की तलाशी के दौरान हथियार मिलने की सूचना सामने आई है. हालांकि आर्थिक अपराध इकाई ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. वहीं गुड्डू यादव के भाई बबलू यादव और करीबी प्रमोद यादव को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.

बेनामी संपत्ति की जांच पर टिकी सबकी नजर

सूत्रों के मुताबिक, जिन लोगों के यहां छापेमारी हुई है, उनके नाम पर कथित तौर पर बेनामी संपत्ति अर्जित किए जाने की आशंका को लेकर जांच की जा रही है. हालांकि ईओयू ने अभी तक छापेमारी के उद्देश्य, बरामदगी या जांच के निष्कर्षों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. ऐसे में पूरे मामले पर सभी की निगाहें टिकी हैं और माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद आर्थिक अपराध इकाई विस्तृत जानकारी साझा करेगी.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन