झाझा के द्वारपहाड़ी में आज खुलेगा नया मॉडल थाना, पांच पंचायतों के लोगों को 20 किमी दूर जाने से मिलेगी राहत

Updated:
विज्ञापन

नये मॉडल थाना. | Prabhat Khabar Network

द्वारपहाड़ी में नए मॉडल थाने का उद्घाटन हो गया है, जिससे पांच पंचायतों के पांच हजार से अधिक ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है. अब उन्हें शिकायत दर्ज कराने या प्राथमिक सूचना देने के लिए 20 किलोमीटर दूर झाझा नहीं जाना पड़ेगा. इससे क्षेत्र में सुरक्षा और अमन-चैन का माहौल मजबूत होगा.

विज्ञापन

झाझा प्रखंड क्षेत्र के सर्किल नंबर एक स्थित द्वारपहाड़ी थाना का उद्घाटन जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर किया जाएगा. नये मॉडल थाना का उद्घाटन स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत, जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल द्वारा किया जाएगा. उद्घाटन को लेकर थाना परिसर में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

पांच पंचायतों के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

द्वारपहाड़ी थाना के शुरू होने से पैरगाहा, बैजला, कर्मा, करहरा और बोड़बा पंचायत के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. अब इन पंचायतों के ग्रामीणों को शिकायत या प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए करीब 20 किलोमीटर दूर झाझा थाना नहीं जाना पड़ेगा. शिकरडीह स्थित द्वारपहाड़ी थाना में ही लोग अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे और पुलिस से संबंधित सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे.

पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती

नये थाना के संचालन के लिए फिलहाल क्षेबर राम को थानाध्यक्ष मनोनीत किया गया है. उनके अधीन दो पुलिस पदाधिकारी, तीन पार्टी पुलिस बल यानी 18 जवान, 112 की एक टीम तथा सात चौकीदार उपलब्ध कराये गये हैं. थाना क्षेत्र में पुलिस की ओर से नियमित गश्ती अभियान भी चलाया जा रहा है.

थानाध्यक्ष क्षेबर राम ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मॉडल थाना के उद्घाटन के साथ ही पांचों पंचायतों के लोगों की प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. उन्होंने कहा कि थाना संचालन के लिए आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध है. पांचों पंचायतों के लिए चौकीदारों की भी तैनाती की गयी है.

नियमित गश्ती से लोगों में बढ़ेगा सुरक्षा का भरोसा

थानाध्यक्ष ने बताया कि पदस्थापना के साथ ही क्षेत्र में प्रतिदिन गश्ती अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और क्षेत्र में अमन-चैन कायम रखना है. आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर पुलिस पूरी तरह तत्पर है.

थाना खुलने से ग्रामीणों में खुशी

द्वारपहाड़ी में नये मॉडल थाना के उद्घाटन की सूचना से क्षेत्र के लोगों में खुशी है. जिला परिषद प्रतिनिधि धर्मदेव यादव, बोड़बा पंचायत के मुखिया अशोक यादव, पैरगाहा पंचायत के मुखिया नरेश विश्वकर्मा, बैजला पंचायत के मुखिया प्रकाश पंडित, करहरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सिधेश्वर मंडल तथा कर्मा पंचायत के पूर्व मुखिया चांद खान समेत अन्य ग्रामीण प्रतिनिधियों ने खुशी जतायी.

ग्रामीण प्रतिनिधियों ने कहा कि थाना खुलने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी. लोगों को पुलिस से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. इससे ग्रामीणों को समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बेहतर बनेगा.

नये थाना के शुरू होने से पांचों पंचायतों के लोगों को स्थानीय स्तर पर पुलिस सुविधा मिलने लगेगी. अब ग्रामीणों को छोटी-बड़ी शिकायतों और प्राथमिकी के लिए झाझा थाना की दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन