चकाई के शिक्षक किसलय प्रसाद को मिलेगा राजकीय शिक्षक पुरस्कार, 5 सितंबर को पटना में होंगे सम्मानित

Updated:
विज्ञापन

फोटो. प्रभारी प्रधानाध्यापक किसलय प्रसाद | Prabhat Khabar Network

चकाई के पीएमश्री प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक किसलय प्रसाद को राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चुना गया है। 5 सितंबर को पटना में होंगे सम्मानित।

विज्ञापन

चकाई प्रखंड के लिए यह गौरव की बात है कि पीएमश्री प्लस टू उच्च विद्यालय नावाडीह सिलफरी के प्रभारी प्रधानाध्यापक किसलय प्रसाद का चयन वर्ष 2026 के राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है. जमुई जिले से चयनित शिक्षकों की सूची में उनका नाम शामिल होने से शिक्षक समाज और प्रबुद्ध लोगों में खुशी का माहौल है. शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पांच सितंबर को पटना में होगा सम्मान

शिक्षक दिवस के अवसर पर पांच सितंबर को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में राजकीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा. इसी समारोह में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया जायेगा. जमुई जिले से चयनित किसलय प्रसाद को भी समारोह में राजकीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया जायेगा.

ग्रामीण विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता पर दिया जोर

किसलय प्रसाद ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने के साथ विद्यार्थियों को पढ़ाई के अलावा विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया. उनके प्रयासों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिला. शिक्षा, खेल, विज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है.

खेल से विज्ञान तक विद्यालय ने बनायी पहचान

प्रभारी प्रधानाध्यापक किसलय प्रसाद के मार्गदर्शन में पीएमश्री प्लस टू उच्च विद्यालय नावाडीह सिलफरी के विद्यार्थियों ने पढ़ाई के साथ खेल, विज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बेहतर प्रदर्शन किया है. विद्यालय खेल जमुई 2025 में विद्यालय ने प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय को द्वितीय पुरस्कार मिला.

इसके अलावा 31वीं स्टेट लेवल चिल्ड्रेन्स साइंस कांग्रेस 2023 में भी विद्यालय के विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया. विद्यालय की इन उपलब्धियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किये जा रहे प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है.

इंटर परीक्षा में छात्रा ने जिले में पाया चौथा स्थान

विद्यालय के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन किया है. वर्ष 2025 की इंटर परीक्षा में विद्यालय की छात्रा अंजनी कुमारी ने 456 अंक प्राप्त कर जमुई जिले में चौथा स्थान हासिल किया था. छात्रा की सफलता के बाद विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों के प्रदर्शन की जिले में चर्चा हुई थी. इसे शिक्षकों के मार्गदर्शन और छात्रा की मेहनत का परिणाम बताया गया.

विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल

किसलय प्रसाद के राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन की जानकारी मिलते ही पीएमश्री प्लस टू उच्च विद्यालय नावाडीह सिलफरी के शिक्षकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है. क्षेत्र के लोगों ने भी इसे चकाई के लिए गौरव का क्षण बताया है.

लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में रहकर शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य करने वाले शिक्षक को राज्य स्तर पर सम्मान मिलना पूरे प्रखंड के लिए गर्व की बात है. किसलय प्रसाद के सम्मान से विद्यालय का नाम राज्य स्तर पर पहुंचा है और इससे क्षेत्र के अन्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को भी शिक्षा, खेल, विज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन