बाबा पटेश्वर नाथ धाम को पर्यटन स्थल बनाने की मांग तेज, धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक सौंदर्य भी बना खास पहचान
फोटो- पटेश्वरनाथ मंदिर | Prabhat Khabar Network
जमुई का बाबा पटेश्वर नाथ धाम, अपनी अगाध आस्था और प्राकृतिक सुंदरता के साथ, अब पर्यटन के मानचित्र पर उभरने की राह पर है. भोरा नदी और पहाड़ियों से घिरा यह प्राचीन शिव मंदिर, स्थानीय लोगों और समाजसेवियों की मांग पर राजकीय पर्यटन स्थल घोषित होने की कगार पर है.
जमुई, लक्ष्मीपुर. प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित करने की मांग स्थानीय स्तर पर तेज हो गई है. इसी क्रम में काला पंचायत और पिडरॉन पंचायत की सीमा पर स्थित ऐतिहासिक एवं विख्यात बाबा पटेश्वर नाथ मंदिर को आधिकारिक पर्यटन स्थल का दर्जा देने के लिए ग्रामीणों और समाजसेवियों ने जिला प्रशासन तथा राज्य सरकार से मांग की है.
आपके शहर में
अगाध आस्था का प्रमुख केंद्र है बाबा पटेश्वर नाथ धाम
स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों डॉ. नीरज साह, सज्जन कुमार पंडा, हरि बल्लभ यादव, प्रमुख प्रतिनिधि एवं समाजसेवी गुलाबी यादव तथा रिंकू सिंह ने बताया कि बाबा पटेश्वर नाथ मंदिर क्षेत्र के प्राचीन और प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. यह मंदिर जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में गिना जाता है.
सावन के महीने में यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. बड़ी संख्या में कांवरिया अजगैबीनाथ धाम से उत्तरवाहिनी गंगाजल लेकर बाबा पटेश्वर नाथ धाम पहुंचते हैं. महाशिवरात्रि और प्रत्येक सोमवार को भी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचती है.
भोरा नदी और पहाड़ियों के बीच बसा है मंदिर
भोरा नदी के किनारे स्थित बाबा पटेश्वर नाथ मंदिर का प्राकृतिक वातावरण भी लोगों को आकर्षित करता है. नदी के बीच स्थित भोरा बीयर यहां आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र है.
मंदिर के पश्चिम दिशा में फैली पहाड़ियों की श्रृंखला क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को और खास बनाती है. धार्मिक आस्था और प्राकृतिक वातावरण का संगम होने के कारण स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने की पूरी संभावनाएं मौजूद हैं.
बुनियादी सुविधाओं और उचित देखरेख की जरूरत
ग्रामीणों का कहना है कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का अपेक्षित ध्यान नहीं मिलने के कारण मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का समुचित विकास नहीं हो पाया है. यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है.
स्थानीय लोगों ने बेहतर सड़क, पेयजल, ठहरने की व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक पर्यटक सुविधाएं विकसित करने की मांग की है.
पर्यटन स्थल का दर्जा मिलने से बढ़ेगा क्षेत्र का विकास
ग्रामीणों का मानना है कि सरकार द्वारा उचित योजना बनाकर बाबा पटेश्वर नाथ धाम का विकास किया जाए तो यह एक महत्वपूर्ण धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में उभर सकता है. पर्यटन स्थल का दर्जा मिलने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं.
सरकार से जल्द राजकीय पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग
स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से बाबा पटेश्वर नाथ धाम को जल्द राजकीय पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि धार्मिक महत्व, प्राकृतिक सुंदरता और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए इस क्षेत्र को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित किया जाना चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए