Jamui News : नव विवाहिता का शव कुएं के समीप से बरामद, मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 14 Sep 2024 12:06 AM

विज्ञापन

पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

विज्ञापन

चंद्रमंडीह. थाना क्षेत्र अंतर्गत कियाजोरी पंचायत के पंजराडीह गांव निवासी भरत राय की 22 वर्षीय नवविवाहिता पत्नी ज्योति कुमारी का शव घर के बगल में स्थित एक कुएं के समीप से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी है. वहीं मृतका के पिता गिरिडीह जिला अंतर्गत देवरी थाना क्षेत्र के चितरो कुरहा गांव निवासी रविंद्र राय ने ससुराल वालों पर दहेज के कारण पुत्री की हत्या कर देने का आरोप लगाया है. इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची एवं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जमुई भेज दिया. मृतका की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व ही हुई थी. चंद्रमंडीह थाना में दिये आवेदन में मृतका के पिता ने उल्लेख किया है कि डेढ़ वर्ष पूर्व ज्योति की शादी पंजराडीह गांव निवासी अशोक राय के पुत्र भरत राय के साथ हुई थी. शादी के समय उन्होंने क्षमता के अनुसार दान दहेज भी दिया था. शादी के बाद कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा. इस बीच सात माह पूर्व उसे एक पुत्री भी हुई. लेकिन कुछ दिनों के बाद सास प्रभा देवी, श्वसुर अशोक राय, पति भरत राय, देवर शत्रुघ्न राय, ननद टुनी देवी, ननदोसी बसंत राय द्वारा दो लाख रुपये दहेज लाने को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा. दहेज को लेकर उक्त लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट भी की जाती थी. साथ ही जान से मार देने की धमकी भी दी जाती थी. उन्होंने बताया कि प्रताड़ित होने के बाद ज्योति ने मामले की जानकारी फोन पर अपनी मां को दी. इसके बाद इस मामले को लेकर पंजराडीह में पंचायत भी हुई. इसके बावजूद उसे प्रताड़ित किया जाता रहा. बीते गुरुवार की सुबह तीन बजे भी ज्योति ने फोन कर मायकेवालों को ससुराल वालों द्वारा मारपीट करने की बात बतायी थी. इधर शुक्रवार की सुबह पांच बजे गांव वालों से सूचना मिली कि बेटी कि हत्या कर दी गयी है. करीब सात बजे जब पंजराडीह गांव पहुंचे तो बेटी के शव घर के बगल में स्थित कुएं के समीप पड़ा हुआ था. वहीं शव के गले पर जख्म का निशान मिला. उसके शरीर पर कोई जेवरात भी नहीं थे. इससे पता चलता है कि सुनियोजित तरीके से गला दबाकर उसकी हत्या की गयी है. ऐसे में उक्त सभी लोगों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाये. वहीं इस संबंध में थानाध्यक्ष सुबोध यादव ने बताया कि शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. साथ ही मृतका के पिता के बयान पर मामले की छानबीन की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन