ePaper

वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत

Updated at : 23 Sep 2024 9:57 PM (IST)
विज्ञापन
वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत

सोनो-चकाई मार्ग पर बटिया के समीप की घटना

विज्ञापन

सोनो. एनएच 333 सोनो-चकाई मुख्य मार्ग पर बटिया के समीप रविवार की देर शाम अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइकसवार की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक युवक की पहचान सोनो प्रखंड अंतर्गत सारेबाद पंचायत के सबैजोर गांव निवासी बहादुर विश्वकर्मा के पुत्र पिंटू विश्वकर्मा (26) के रूप में हुई. घटना की सूचना पर पहुंची बटिया पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भिजवा दिया. पिंटू रविवार की सुबह बाइक से अपने ननिहाल चकाई के सरौन गांव गया हुआ था. शाम में वह बाइक से वापस अपने घर जा रहा था, तभी संध्या 7 बजे के लगभग बटिया के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी और फरार हो गया. सड़क पर गिरे घायल युवक को देख राहगीरों व अन्य लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पिंटू की मौत हो गयी थी.

शव आते ही मचा कोहराम

पोस्टमार्टम के बाद पिंटू का शव सोमवार की सुबह सबैजोर स्थित उनके घर पर लाया गया. शव पहुंचते ही कोहराम मच गया. पत्नी पूनम देवी और मां उर्मिला देवी के विलाप से माहौल गमगीन हो गया. मां को रोते देख पिंटू की दो बच्चियां भी रो रही थी. दो पुत्री के जन्म के बाद पंद्रह दिन पूर्व ही पिंटू को बेटा हुआ था. इसको लेकर घर में खुशी का माहौल था, लेकिन सारी खुशियां पल भर में खत्म हो गयी. दो भाईयों के रहने के बावजूद घर की जिम्मेदारी पिंटू पर ही थी. लोहारगिरी के अपने पुस्तैनी काम से वह परिवार को चला रहा था. अब पत्नी पर बच्चों के परवरिश की बड़ी जिम्मेदारी आ गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन