सरकारी भूमि के अतिक्रमण पर ग्रामीणों में आक्रोश
Published by : DEEPAK MISHRA Updated At : 31 Jan 2026 11:06 PM
वैशाली प्रखंड क्षेत्र में अंचल कार्यालय, थाना एवं अस्पताल परिसर के सामने सड़क किनारे गुमटी, होटल एवं अस्थायी सब्जी दुकानों द्वारा की गई सरकारी भूमि अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है .इसी को लेकर ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री सह राजस्व मंत्री को आवेदन देकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है.
वैशाली. वैशाली प्रखंड क्षेत्र में अंचल कार्यालय, थाना एवं अस्पताल परिसर के सामने सड़क किनारे गुमटी, होटल एवं अस्थायी सब्जी दुकानों द्वारा की गई सरकारी भूमि अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है .इसी को लेकर ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री सह राजस्व मंत्री को आवेदन देकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है. ग्रामीणों आनंद भैरव, रामाशंकर प्रसाद सिंह, प्रदुमन सिंह सहित अन्य ने आवेदन देते हुए बताया कि अंचल कार्यालय के सड़क किनारे दुकानदारों ने अतिक्रमण कर लिया है. इसके कारण वैशाली आने-जाने वाले आम वाहनों के साथ-साथ पर्यटक वाहनों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क किनारे वाहनों की आवाजाही बाधित होने से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने बताया कि सीओ द्वारा अतिक्रमण हटाने को लेकर दो बार नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है. मालूम हो कि सीओ ने पिछले वर्ष अप्रैल माह में दुकानदार ओम प्रकाश साह, साहिद आलम, वीरेंद्र महतो, अभिषेक पांडेय, मनोज राय, उपेंद्र पासवान, संजय ठाकुर, भरत साह, शिव शंकर सहनी, मोहन साह, सुनील भगत, अरुण भगत सहित कुल 21 दुकानदारों को सरकारी भूमि पर बनी स्थायी एवं अस्थायी दुकानों को खाली करने का नोटिस जारी किया था. इसके बावजूद कई माह बीत जाने के बाद भी दुकानदारों ने सरकारी भूमि खाली नहीं की. वैशाली-लालगंज मुख्य मार्ग पर वैशाली ब्लॉक चौक के समीप थाना एवं प्रखंड कार्यालय परिसर के सामने सड़क किनारे बनी इन दुकानों के कारण ग्राहक सड़क किनारे ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना घटने की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन दर्जनों विदेशी पर्यटकों से भरी लग्जरी गाड़ियां, हाइवा एवं बड़ी मालवाहक गाड़ियों का आवागमन होता है. सड़क किनारे खड़े छोटे-बड़े वाहनों के कारण इन वाहनों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और किसी भी समय अप्रिय घटना घट सकती है. इस संबंध में सीओ राकेश कुमार ने बताया कि सभी दुकानदारों को नोटिस दिया गया है. अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नियमसंगत कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










