हाजीपुर: लालगंज में पोखर से मिला 25 वर्षीय महिला का शव, जहर देकर हत्या की आशंका
पोखर से महिला का शव बरामद। | Prabhat Khabar Network
लालगंज के रानीपोखर में एक 25 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है.
Hajipur News: लालगंज थाना क्षेत्र के रानीपोखर गांव स्थित एक पोखर से शनिवार की अहले सुबह करीब 25 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने जब तालाब में एक महिला का शव उपलाते देखा, तो मौके पर देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल लालगंज थाना पुलिस को दी.
आपके शहर में

पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
सूचना मिलते ही लालगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष सुभाष प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से शव को पानी से बाहर निकलवाया. मामले की गंभीरता को देखते हुए लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. वहीं, घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) की टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य और जरूरी नमूने एकत्र किए. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया है.

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान, जहर देकर हत्या की आशंका
पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या जख्म के निशान नहीं पाए गए हैं. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि महिला को कहीं अन्यत्र जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या की गई और फिर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को रानीपोखर के तालाब में लाकर फेंक दिया गया. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों और हालिया गुमशुदगी की शिकायतों की भी पड़ताल कर रही है.

72 घंटे के लिए सुरक्षित रखा गया शव, पहचान में जुटी पुलिस
एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि मृतका की पहचान के लिए आसपास के सभी थानों को वायरलेस संदेश और हुलिया भेजा गया है. शव का पोस्टमार्टम कराने के उपरांत शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित (प्रिजर्व) रखा गया है. एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान स्थापित करने और उसके परिजनों का पता लगाने के प्रयास में जुटी है.
Also Read: गंडक की तेज धार में डूबे व्यक्ति का नहीं मिला सुराग, एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए