सदर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे में गयी दो लोगों की जान

Author Abhishek Kumar|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो बाइक सवार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

विज्ञापन

Hajipur News : सदर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गयी. पहली घटना हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मार्ग स्थित चैला चौक के पास हुई. जिसमें एक बाइक सवार को तेज रफ्तार स्काॅर्पियों ने जबरदस्त ठोकर मार दी. जिससे युवक की मौत मौके पर ही हो गयी. स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस माैके पर पहुंच कर युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया. मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र के हसनपुर सूरत गांव निवासी उपेंद्र कुमार के 30 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार के रूप में हुई. वहीं दूसरी घटना थाना क्षेत्र के हाजीपुर-लालगंज मार्ग स्थित मनुआ गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक की ठोकर से एक बाइक सवार की मौत हो गयी. मृतक करताहां थाना क्षेत्र के बलहा गांव निवासी बृज किशोर सहनी का 35 वर्षीय पुत्र राजा बाबू बताया गया है. पुलिस दोनों मामले में कार्रवाई कर रही है.

विज्ञापन

घटना संख्या 01सदर थाना क्षेत्र के हाजीपु-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग स्थित चैला चौक के पास रविवार की देर रात 11 बजे के करीब तेज रफ्तार स्कार्पियो ने एक बाइक सवार को ठोकर मार दी. जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्कॉर्पियो का चालक मौके पर गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया. स्थानीय लोगाें ने घटना की सूचना डायल-112 की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि मृतक प्रकाश कुमार अपने किसी दोस्त को रामाशीष चौक पहुंचा कर अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियाे ने बाइक में जबरदस्त ठोकर मार दी. पुलिस ने बाइक के नंबर से युवक की पहचान कर घटना की सूचना परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सोमवार की सुबह परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. जहां पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. परिजनों ने बताया कि प्रकाश बिदुपुर प्रखंड में सर्वें अमीन का काम करता था. वह हाजीपुर के दिग्घी में किराये के मकान में रहता था. मौके पर पहुंची सदर थाना की पुलिस ने स्कॉर्पियो तथा क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है.

-घटना संख्या-02हाजीपुर-लालगंज मुख्य मार्ग पर सदर थाना क्षेत्र के मनुआ गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को ठोकर मार दी. घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर जुटे लोगों ने घटना की सूचना सदर थाना की पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहंचाया. जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए. जहां युवक को मृत देख परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक राजाबाबू पिछले दस वर्षों से ट्रक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. परिजनों ने बताया कि रविवार की देर रात वह अपने घर से हाजीपुर स्थित डेरा आ रहा था. इसी दौरान सड़क हादसे का शिकार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंच कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.

-माता-पिता का इकलौता पुत्र था राजाबाबू

परिजनों ने बताया कि राजा बाबू अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था.उसकी शादी करीब 11 वर्ष पूर्व हुई थी. उसकी एक छोटी बेटी है. परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी. अचानक हुई इस दुर्घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया. मौके पर पहुंची सदर थाना की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है.

-क्या कहती है पुलिस

इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी थी. दोनों स्थानों पर पुलिस पहुंच कर वाहनों को जब्त कर लिया है. दोनों वाहन का चालक मौके से फरार हो गया था. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दी गयी है. दोनों मामले में फिलहाल परिजनों ने लिखित आवेदन नहीं दिया है. आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन