वैशाली में तिरहुत स्नातक-शिक्षक चुनाव को लेकर मतदान कर्मियों की ट्रेनिंग शुरू
सभागार में प्रशिक्षण लेते अधिकारी
वैशाली में तिरहुत स्नातक-शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर मतदान पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है. समाहरणालय के पुष्करणी सभागार में पीठासीन और प्रथम-द्वितीय मतदान पदाधिकारियों को मतदान प्रक्रिया, मतपेटी की सीलिंग और निर्वाचन प्रपत्रों के संधारण की जानकारी दी गयी.
Tirhut MLC Election : बिहार विधान परिषद के 04-तिरहुत स्नातक/शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर वैशाली जिले में निर्वाचन कार्य के लिए प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण आयोजित किया गया. समाहरणालय स्थित पुष्करणी सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में पीठासीन पदाधिकारियों के साथ प्रथम और द्वितीय मतदान पदाधिकारियों ने भाग लिया. इस दौरान मतदान प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देने के साथ व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, ताकि निर्वाचन के दौरान सभी पदाधिकारी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें.
मतपत्र से लेकर मतपेटी की सीलिंग तक की दी गयी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया के संचालन, मतपत्रों के उपयोग और विभिन्न प्रकार के निर्वाचन प्रपत्रों के बारे में विस्तार से बताया गया. पदाधिकारियों को सांविधिक एवं गैर-सांविधिक दस्तावेजों के संधारण और उन्हें निर्धारित लिफाफों में रखने की प्रक्रिया समझायी गयी. इसके अलावा मतपेटिका की सीलिंग और उसके व्यावहारिक उपयोग से संबंधित जानकारी भी दी गयी.
हैंड्स-ऑन अभ्यास से समझायी गयी निर्वाचन प्रक्रिया
प्रशिक्षण कार्यक्रम में हैंड्स-ऑन अभ्यास के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों को समझाया गया. इसका उद्देश्य मतदान पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं से पूरी तरह अवगत कराना और मतदान के दौरान संभावित गलतियों को रोकना है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे प्रशिक्षण में बताये गये नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए निर्वाचन कार्य संपन्न करायें.
14 अक्टूबर को तृतीय मतदान पदाधिकारियों और माइक्रो ऑब्जर्वरों की ट्रेनिंग
निर्वाचन प्रशिक्षण कार्यक्रम के अगले चरण में 14 अक्टूबर को तृतीय मतदान पदाधिकारियों और माइक्रो ऑब्जर्वरों को प्रशिक्षण दिया जायेगा. संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित तिथि, समय और स्थल पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है.
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण कोषांग के वरीय पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार, प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी-सह-निदेशक, डीआरडीए अजीत कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी, हाजीपुर तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी, वैशाली उपस्थित रहे. अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण बताया.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए