गंगा की तेज धारा में बहा सुल्तानपुर का युवक, महनार घाट पर बंद मिली रेस्क्यू नाव

Updated:
विज्ञापन

महनार के सुल्तानपुर में गंगा की तेज धारा में बहा युवक, प्रशासन के रेस्क्यू दावों की खुली पोल, नाव में ताला मिलने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश।

विज्ञापन

Hajipur News : महनार के देसरी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर काली घाट के समीप रविवार की देर शाम गंगा की तेज धारा में एक व्यक्ति के बह जाने से हड़कंप मच गया. बहने वाले व्यक्ति की पहचान सुल्तानपुर निवासी उमेश पंडित, पिता नन पंडित के रूप में हुई है. बताया गया कि उमेश शौच के बाद गंगा किनारे हाथ-पैर धोने गया था. इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गंगा की तेज धारा में बह गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

तेज बहाव में खुद को नहीं संभाल सका उमेश

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उमेश को हल्का-फुल्का तैरना आता था, लेकिन गंगा के उफान और तेज बहाव के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका. नदी की धारा में बहते हुए वह काफी देर तक आवाज लगाकर लोगों से मदद की गुहार लगाता रहा. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बाइक और अन्य वाहनों से महनार घाट की ओर पहुंचे, ताकि उसे बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा सके.

रेस्क्यू नाव में लटका मिला ताला, लोगों में आक्रोश

घटना के बाद महनार घाट पहुंचे लोगों में उस समय आक्रोश फैल गया, जब रेस्क्यू के लिए उपलब्ध नाव में ताला लटका मिला. लोगों का आरोप है कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन की ओर से गोताखोर और नाव समेत जरूरी रेस्क्यू व्यवस्था उपलब्ध होने का दावा किया गया था, लेकिन घटना के समय मौके पर प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आयी.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उमेश लोगों की आंखों के सामने गंगा की धारा में बहता हुआ पूर्व दिशा की ओर निकल गया, लेकिन उसे बचाने के लिए तत्काल नाव उपलब्ध नहीं हो सकी. लोगों का कहना है कि समय पर नाव मिल जाती तो रेस्क्यू की कोशिश की जा सकती थी. नाव में ताला लगे होने की जानकारी सामने आने के बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया.

बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन की तैयारी पर सवाल

गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और नदी की धारा भी काफी तेज है. ऐसे समय में नदी किनारे बसे इलाकों में प्रशासन की ओर से सतर्कता और रेस्क्यू टीम तैयार रखने की बात कही जा रही है. लेकिन सुल्तानपुर की घटना ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिये हैं.

महनार घाट पर रेस्कू नाव में ताला, उठ रहे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब प्रशासन को गंगा के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव की जानकारी थी, तो महनार घाट पर रेस्क्यू नाव को ताले में बंद क्यों रखा गया था. लोगों के अनुसार आपात स्थिति में नाव की जरूरत पड़ने पर पहले ताला खोलने और चाबी तलाशने में समय बीत सकता है. ऐसे में प्रशासन की रेस्क्यू व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन