वैशाली: यजमान के घर से लौटने के दौरान राघोपुर में बाढ़ के पानी में डूबा अधेड़, घंटों बाद पानी से निकाला शव
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस व लोगों की लगी भीड़
राघोपुर के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में बाढ़ के पानी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।
Hajipur News : राघोपुर के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र की राघोपुर पूर्वी पंचायत में रविवार को बाढ़ के पानी में डूबने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान वार्ड नंबर 9 निवासी रामचंद्र ठाकुर के पुत्र सुरेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आपके शहर में
यजमान के घर से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार सुरेंद्र ठाकुर किसी काम से यजमान के घर गए थे. वहां से लौटने के दौरान रास्ते में पैर फिसल गया और वह बाढ़ के पानी में गिरकर डूब गए. उन्हें डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए और स्थानीय लोगों की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला गया. तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना जुड़ावनपुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव चले गए. मृतक के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं.
कई इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी, आवागमन प्रभावित
राघोपुर के कई निचले इलाकों में गंगा नदी का पानी प्रवेश कर गया है. चकसिंगार पंचायत के रामपुर, करी और बरारी लंका टोला के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंच चुका है. बिंदा मार्केट से विश्राम टोला जाने वाली सड़क पर भी पानी आ जाने से आवागमन प्रभावित है.
कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के पाया नंबर 29 के पास भी बाढ़ का पानी सड़क पर आ गया है. पानी के तेज बहाव के कारण सड़क कट गई है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है. ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं.
परिवार को मिलेगा मुआवजा
अंचलाधिकारी राजीव रंजन चौधरी ने बताया कि बाढ़ के पानी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया. उन्होंने बताया कि सरकारी प्रावधान के अनुसार मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए