वैशाली में 103 पैक्स समितियों के माध्यम से शुरू हुई धान खरीद, पहले दिन 12 किसानों से खरीदा गया 71.945 टन धान
धान खरीददारी के दौरान पदाधिकारी व अन्य | Prabhat Khabar Network
वैशाली में 103 पैक्स समितियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान खरीद शुरू हो गई है. किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और बिचौलियों को समाप्त करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है.
MSP paddy procurement: खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत वैशाली जिले में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान अधिप्राप्ति का कार्य रविवार से विधिवत शुरू हो गया. इस वर्ष जिले में 103 पैक्स समितियों के माध्यम से धान की खरीद की जाएगी. इसका उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना, बिचौलियों की भूमिका समाप्त करना तथा अधिप्राप्ति प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम और किसान हितैषी बनाना है.
सरकार ने इस वर्ष साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड ए धान का एमएसपी 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है. सहकारिता विभाग की जिला टास्क फोर्स की पहली बैठक में जिले की कुल 103 पैक्स समितियों का चयन किया गया है. इन समितियों के माध्यम से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किसानों से धान की खरीद की जाएगी.
पहले दिन 12 किसानों से खरीदा गया 71.945 टन धान
जिला सहकारिता पदाधिकारी अमृतांश ओझा ने बताया कि धान अधिप्राप्ति के पहले दिन जिले के सात प्रखंडों के विभिन्न क्रय केंद्रों पर कुल 12 किसानों से 71.945 मीट्रिक टन धान की खरीद की गयी.
उन्होंने बताया कि किसानों को बेचे गए धान की समतुल्य राशि का भुगतान 48 घंटे के भीतर पीएफएमएस के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा.
किसानों की सुविधा और खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी धान क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गयी हैं. क्रय केंद्रों पर नमी मापक यंत्र, माप-तौल मशीन, पर्याप्त मात्रा में जूट के बोरे, छायादार प्रतीक्षालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गयी है, ताकि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो.
शिकायतों के लिए नियंत्रण कक्ष और उड़नदस्ता दल सक्रिय
धान अधिप्राप्ति के सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन तथा अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला और प्रखंड स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं. इसके साथ ही उड़नदस्ता दलों को भी सक्रिय कर दिया गया है, जो अधिप्राप्ति कार्य की निगरानी करेंगे.
धान अधिप्राप्ति से संबंधित किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए किसान जिला सहकारिता पदाधिकारी के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राज्य स्तरीय टॉल फ्री नंबर 1800-3454-110 पर भी संपर्क किया जा सकता है.
17 प्रतिशत से अधिक नमी वाला धान नहीं लाएं किसान
धान खरीद को लेकर डीएम वर्षा सिंह ने किसानों से अपील की है कि वे धान को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुखाकर ही क्रय केंद्रों पर लाएं. धान में नमी की मात्रा अधिकतम 17 प्रतिशत होनी चाहिए.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
