ट्रेनों में मोबाइल चोरी का अनोखा तरीका, चार्जिंग पॉइंट पर डमी फोन लगाकर चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है. यह चोर ट्रेनों और स्टेशनों पर डमी मोबाइल का इस्तेमाल कर यात्रियों के फोन चुराता था. पुलिस ने उसके पास से चोरी के दो स्मार्टफोन भी बरामद किए हैं.
Hajipur News: रेल यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की हिफाजत के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत आरपीएफ पोस्ट हाजीपुर को बड़ी कामयाबी मिली है. आरपीएफ की विशेष टीम ने हाजीपुर जंक्शन परिसर में त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेनों और स्टेशनों से मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से यात्रियों के चुराए गए दो टच-स्क्रीन स्मार्टफोन भी बरामद किए हैं.
आपके शहर में
प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर संदिग्ध हालत में पकड़ा गया
आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक पीके रावत के निर्देशन तथा उपनिरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ की टीम हाजीपुर जंक्शन पर सघन गश्त और गुप्त निगरानी कर रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर दक्षिणी फुट ओवरब्रिज के समीप स्थित प्रीपेड एसी वेटिंग हॉल के पास एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता दिखाई दिया. पुलिस टीम ने जब उसे रोककर तलाशी ली, तो उसके पास से दो महंगे स्मार्टफोन बरामद हुए, जिनके स्वामित्व को लेकर वह कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका.
डमी मोबाइल लगाकर उड़ा लेता था यात्रियों का फोन
कड़ाई से पूछताछ करने पर शातिर ने ट्रेनों और स्टेशन परिसर में मोबाइल चोरी करने के अपने अनोखे हथकंडे का खुलासा किया. आरोपी ने कबूल किया कि वह चलती ट्रेनों में यात्रियों के सोने या असावधान होने का फायदा उठाकर फोन चुराता था. इसके अलावा, वह ट्रेनों और स्टेशनों के चार्जिंग पॉइंट पर अपना खराब या डमी मोबाइल चार्जिंग में लगा देता था और मौका पाकर यात्रियों का असली फोन निकालकर फरार हो जाता था.
मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा का रहने वाला है शातिर
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पक्की सराय चौक निवासी मोहम्मद सपाटू के पुत्र सोनू उर्फ झंडू उर्फ सरफराज के रूप में हुई है. आरपीएफ ने बरामद दोनों मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी और जब्त किए गए मोबाइल फोनों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (GRP) थाना हाजीपुर के सुपुर्द कर दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए