वैशाली: महुआ में 17 सितंबर को होने वाली विश्वकर्मा पूजा को लेकर मूर्तियों को अंतिम रूप देने में जुटे शिल्पकार, अग्रिम बुकिंग शुरू
महुआ में विश्वकर्मा पूजा को लेकर मूर्तिकारों ने मूर्तियां बनाना शुरू कर दिया है. बाजार में मूर्तियों की अग्रिम बुकिंग और पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं.
Vaishali News: महुआ प्रखंड क्षेत्र में शिल्प और सृजन के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं. आगामी 17 सितंबर को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाए जाने वाले विश्वकर्मा पूजनोत्सव को लेकर स्थानीय मोटर पार्ट्स दुकानदारों, गैरेज संचालकों, वाहन मालिकों, चालकों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जुड़े लोगों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी के साथ बाजारों और वर्कशॉप्स में उत्सव का माहौल बनने लगा है.
आपके शहर में
महुआ बाजार और ग्रामीण इलाकों में 8 प्रमुख स्थानों पर बन रहीं प्रतिमाएं
उत्सव को भव्य बनाने के लिए क्षेत्र के कुशल मूर्तिकार दिन-रात मूर्तियां तैयार करने में जुट गए हैं. महुआ बाजार के पातेपुर रोड स्थित बालू सिंह स्टैंड के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के कन्हौली, अब्दुलपुर, गौसपुर और चकमाज्जो सहित करीब आठ प्रमुख स्थानों पर मूर्तियों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है. मूर्तिकार भगवान विश्वकर्मा के विभिन्न मनमोहक स्वरूपों को मिट्टी और रंगों के जरिए सजीव रूप देने में लगे हैं.
मोटर पार्ट्स दुकानदार और वाहन मालिक करा रहे मूर्तियों की अग्रिम बुकिंग
निर्माण स्थलों पर अभी से ही पूजा समितियों, मोटर पार्ट्स व्यवसायियों और वाहन चालकों का पहुंचना शुरू हो गया है. अपनी पसंद और आकार के अनुसार मूर्तियों की अग्रिम बुकिंग (एडवांस बुकिंग) तेजी से कराई जा रही है, ताकि पूजन दिवस पर किसी तरह की परेशानी न हो. मूर्तिकारों के अनुसार, समय से पहले बुकिंग होने से प्रतिमाओं को अंतिम फिनिशिंग देने में आसानी होती है.
महंगाई के असर के बीच आस्था भारी, लगातार मिल रहे प्रतिमाओं के ऑर्डर
इस वर्ष कच्चे माल जैसे मिट्टी, पुआल, रंग, बांस और सजावटी सामानों की कीमतों में वृद्धि के कारण मूर्तियों के दामों में भी उछाल देखने को मिल रहा है. बढ़ती महंगाई के बावजूद श्रद्धालुओं और प्रतिष्ठान संचालकों के उत्साह में कोई कमी नहीं है. लोग अपनी आस्था और परंपरा को निभाते हुए अपनी क्षमतानुसार मूर्तियों के ऑर्डर दे रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए