वैशाली: महुआ के गोविंदपुर सिंघाड़ा शक्तिपीठ में मां भगवती की प्रतिमा निर्माण शुरू, पंचमी से लगेगा मेला
मूर्ति बनाने में जुटे कलाकार
गोविंदपुर सिंघाड़ा स्थित मां भगवती मंदिर में चौक चंदा पर्व के साथ ही प्रतिमा निर्माण का शुभारंभ हो गया है. यह मंदिर कई जिलों और राज्यों से भक्तों को आकर्षित करता है. पंचमी को मंदिर के पट खुलते ही पांच दिवसीय मेले का आगाज होगा.
Maa Bhagwati Pratima Nirman: जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ गोविंदपुर सिंघाड़ा स्थित मां भगवती मंदिर में चौक चंदा पर्व के अवसर पर सोमवार को मां भगवती की प्रतिमा निर्माण कार्य विधि-विधान के साथ शुरू किया गया. प्रतिमा निर्माण शुरू होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे और मां भगवती के दर्शन किए.
एक ही परिवार के मूर्तिकार बनाते हैं मां भगवती की भव्य प्रतिमा
महुआ प्रखंड क्षेत्र के गोविंदपुर सिंघाड़ा स्थित मां भगवती के दरबार में वर्षों से शारदीय नवरात्र के अवसर पर पूरे विधि-विधान के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है. यहां एक ही परिवार के मूर्तिकारों द्वारा मां भगवती की भव्य प्रतिमा का निर्माण किया जाता है. सोमवार को चौक चंदा पर्व के अवसर पर देवी शक्तिपीठ परिसर में मूर्तिकारों ने प्रतिमा निर्माण कार्य का शुभारंभ किया.
इस मौके पर पूजा समिति से जुड़े टनटू सिंह राजपूत, वीरेंद्र सिंह, कुंदन कुमार सिंह, कौशल कुमार उर्फ बिट्टू सिंह, नरेश राम, प्रदीप कुमार सोनी, कामेश्वर गुप्ता, शंभू सदाशिव, संजय कुमार उर्फ मुन्ना सिंह, सुनील कुमार, देवेंद्र कुमार, अजीत कुमार, जितेंद्र सिंह, सोहन सिंह, मोहन सिंह, मंटू कुमार, सरोज कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे.
कई जिलों और राज्यों से पहुंचते हैं श्रद्धालु
बताया जाता है कि शारदीय नवरात्र के दौरान गोविंदपुर सिंघाड़ा मंदिर में वैशाली जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सारण, सीवान, गोपालगंज, बेगूसराय, पटना, दरभंगा और सीतामढ़ी सहित अन्य जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. पश्चिम बंगाल और झारखंड सहित अन्य राज्यों से भी भक्त मां भगवती के दर्शन के लिए यहां आते हैं.
पंचमी को खुलता है मां भगवती का पट, शुरू होता है पांच दिवसीय मेला
मान्यता है कि मां भगवती के दरबार में श्रद्धालुओं द्वारा की गई आरजू-विनती और मन्नतें पूरी होने के बाद भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार बलि अर्पित करते हैं. नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. यहां पंचमी तिथि को ही मां भगवती का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया जाता है. इसी के साथ पांच दिवसीय भव्य मेला भी शुरू हो जाता है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए