हाजीपुर में नाव हादसा: बोल्डर से टकराकर बाढ़ के पानी में डूबी नाव, 3 लोग लापता; 7 को बचाया गया
मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर में महात्मा गांधी सेतु के पास नाव बोल्डर से टकराकर डूब गई. हादसे में 7 लोगों को बचाया गया, जबकि 3 लोग अभी भी लापता हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
Bihar Flood Update : महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर 9 के पास मंगलवार को बड़ा नाव हादसा हो गया. गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के तेरसिया दियारा इलाके में करीब 10 लोगों को लेकर जा रही नाव बाढ़ के पानी में बोल्डर से टकराने के बाद असंतुलित होकर डूब गई. हादसे के बाद 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 3 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है.
बोल्डर से टकराते ही बिगड़ा नाव का संतुलन
बताया जा रहा है कि नाव तेरसिया दियारा की ओर से महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर 9 के पास से गुजर रही थी. इसी दौरान नाव पानी में मौजूद बोल्डर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि नाव का संतुलन बिगड़ गया और कुछ ही देर में वह बाढ़ के पानी में समा गई. अचानक नाव डूबने से उस पर सवार लोगों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.
किसी ने तैरकर बचाई जान, स्थानीय लोगों ने भी चलाया रेस्क्यू
नाव डूबने के बाद कुछ लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गये और राहत-बचाव में जुट गये. स्थानीय लोगों के अनुसार, अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 3 लोगों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है.
लापता लोगों की तलाश में जुटे ग्रामीण
हादसे के बाद तेरसिया दियारा और गांधी सेतु के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गये. स्थानीय लोग भी बाढ़ के पानी में लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं. घटनास्थल पर मौजूद लोगों की नजरें लगातार पानी में चल रहे बचाव प्रयासों पर टिकी हुई हैं. हर कोई लापता लोगों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद कर रहा है.
डीएम और एसपी भी घटनास्थल के लिए रवाना
नाव हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया. एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया है. डीएम वर्षा सिंह और एसपी शुभांक मिश्रा सहित स्थानीय थाना पुलिस और अन्य अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गये हैं. अधिकारियों की निगरानी में लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है.
रेस्क्यू ऑपरेशन से लापता लोगों की तलाश तेज
प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम बाढ़ के तेज बहाव वाले पानी में लापता लोगों की तलाश कर रही है. हादसे के कारणों और नाव पर सवार लोगों की सही संख्या की भी जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल प्राथमिकता लापता तीन लोगों को सुरक्षित तलाशने की है.
हादसे के बाद इलाके में मचा हड़कंप
नाव डूबने की घटना के बाद तेरसिया दियारा से लेकर महात्मा गांधी सेतु के आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद हैं और रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं. प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
Also Read : सीवान में ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े लूट, स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारी; 2 बदमाश दबोचे गए
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए