गोपालगंज: वाराणसी से आई संत रविदास की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी, थावे में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने किया कलश पूजन; गांव-गांव पहुंचेगा अभियान
संत रविदास के कलश पूजन कार्यक्रम में शामिल शिक्षा मंत्री | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में संत रविदास की जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी का कलश पूजन हुआ. शिक्षा मंत्री ने उनके समानता और सद्भाव के संदेश को साझा किया.
Gopalganj News: संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में संत रविदास की जन्मस्थली वाराणसी (उत्तर प्रदेश) से लाई गई पवित्र मिट्टी गोपालगंज पहुंची. जिले में पहुंचने के बाद इस पवित्र मिट्टी को कलश में स्थापित कर थावे स्थित ऐतिहासिक संत रहषु भगत मंदिर परिसर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया. इसके साथ ही पवित्र कलश को जिले के सभी प्रखंडों, मंडलों और गांवों में ले जाने के व्यापक जन-जागरण अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ.
आपके शहर में
संत रविदास के विचार समाज को दिशा देने वाले: शिक्षा मंत्री
कार्यक्रम में पहुंचे बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पवित्र मिट्टी वाले कलश का पूजन कर संत रविदास के चरणों में नमन किया. उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भक्ति, सद्भाव और सामाजिक समरसता का अमर संदेश दिया, जो आज भी संपूर्ण मानवता को सही दिशा दिखाने का काम कर रहा है.
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में संत रविदास के सम्मान तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में यह अभियान चलाया जा रहा है. गोपालगंज के गांव-गांव में इस कलश को ले जाकर लोगों को उनके जीवन मूल्यों से जोड़ा जाएगा. उन्होंने गोपालगंज की समृद्ध संत परंपरा का उल्लेख करते हुए संत रहसू भगत और बैकुंठपुर के संत सुपन भगत को नमन किया तथा कहा कि जिले की आध्यात्मिक विरासत हमेशा से सामाजिक समरसता की प्रतीक रही है.
सभी प्रखंडों व मंडलों में होगा कलश का अभिनंदन
भाजपा के प्रदेश महामंत्री सरोज राजन पटेल ने बताया कि वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी को कलश में स्थापित कर बिहार के कोने-कोने में ले जाया जा रहा है. गोपालगंज में भी इसकी शुरुआत हो चुकी है और अब प्रत्येक प्रखंड तथा मंडल स्तर पर कलश पूजन और नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित होंगे.

सिंहासिनी धाम बैकुंठपुर में आयोजित होगा मुख्य समारोह
भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गिरी उर्फ मंटू गिरी ने जानकारी दी कि इस पूरे अभियान का मुख्य एवं भव्य समापन समारोह बैकुंठपुर स्थित सिंहासिनी धाम में आयोजित किया जाएगा. इसके लिए कार्यकर्ता व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटे हैं. गांव-गांव में स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता से कलश का स्वागत किया जाएगा और संगोष्ठियों के माध्यम से संत रविदास के विचारों का प्रचार-प्रसार होगा.
प्रशासनिक अधिकारी व गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिलाधिकारी (DM) समीर सौरभ, अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) डॉ. प्रेरणा सिंह, जीविका दीदियां, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. पवित्र मिट्टी के कलश के आगमन पर स्थानीय लोगों और जीविका दीदियों में भारी उत्साह देखा गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए