गोपालगंज में महागठबंधन का आक्रोश मार्च, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर गरजे कार्यकर्ता
आक्रोश मार्च में शामिल राजद के कार्यकर्ता व नेता
गोपालगंज में निष्पक्ष चुनाव व मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर महागठबंधन का जोरदार आक्रोश मार्च. देखें पूरी रिपोर्ट.
Mahagathbandhan Akrosh March : गोपालगंज में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित करने, संविधान की रक्षा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को महागठबंधन के आह्वान पर गोपालगंज शहर में आक्रोश मार्च निकाला गया. राजद जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह के नेतृत्व में राजद, कांग्रेस और भाकपा माले समेत महागठबंधन के बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मार्च में शामिल हुए.
अंबेडकर चौक से स्टेट बैंक चौक तक निकला मार्च
आक्रोश मार्च अंबेडकर चौक से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए स्टेट बैंक चौक पहुंचा. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी नारे लगाये.
मार्च के समापन पर स्टेट बैंक चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया.
कलेक्ट्रेट की बैरिकेडिंग, पुलिस रही अलर्ट
आक्रोश मार्च को देखते हुए शहर में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में रहा. कलेक्ट्रेट परिसर की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गयी थी. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
राजद जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मत है और किसी भी परिस्थिति में मताधिकार के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जायेगा. उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावी व्यवस्था की मांग की. साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहरायी.
राजद प्रधान महासचिव इम्तेयाज अली भुट्टो ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा. मार्च में मोहन प्रसाद गुप्ता, अब्दुल सत्तार, सुनील कुमार बारी, संतोष यादव, पिंटू पांडेय, आनंद शंकर यादव, महताब आलम, सुमन कुमार यादव, कृष्णा यादव, मोहित गुप्ता, बिट्टू चौरसिया और परशुराम गुप्ता समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.
कांग्रेस ने लगाया 'वोट बचाओ, देश बचाओ' का नारा
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता भी मार्च में शामिल हुए. कार्यकर्ताओं ने 'वोट बचाओ, देश बचाओ', 'लोकतंत्र बचाओ' और 'संविधान बचाओ' के नारे लगाये.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश गर्ग ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनावी प्रक्रिया का निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय होना जरूरी है. जनता के मताधिकार की रक्षा सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का संतोषजनक समाधान होने तक लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठायी जाती रहेगी.
कांग्रेस नेता अजात शत्रु, महताब आलम, प्रेम नाथ राय शर्मा, सत्तार अली, विनोद यादव, शकील अख्तर, सरवर अली, अमरेंद्र मिश्रा और तौकीर आलम समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मार्च में शामिल हुए.
माले ने बिहार, बंगाल और असम में दोबारा चुनाव की मांग उठायी
महागठबंधन के आह्वान पर भाकपा माले के कार्यकर्ता भी आक्रोश मार्च में शामिल हुए. माले की ओर से 'ज्ञानेश कुमार को हटाओ, लोकतंत्र बचाओ' मार्च निकाला गया.
भाकपा माले राज्य कमेटी सदस्य रविंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि 'द इंडियन एक्सप्रेस' के खुलासों और 26 सितंबर के चुनाव आयोग के प्रेस नोट के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है. उन्होंने एसआइआर को समाप्त करने और इससे हुए नुकसान को दूर करने की मांग की.

पूर्व में हुए चुनावों पर भी उठाये सवाल
उन्होंने बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के चुनावों को लेकर भी सवाल उठाये और दोबारा चुनाव कराने की मांग दोहरायी. भाकपा माले जिला कमेटी सदस्य सुबास पटेल ने नरेंद्र मोदी और अमित शाह को भी कथित 'वोट चोरी' के लिए जिम्मेदार बताते हुए दोनों के इस्तीफे की मांग की.
सभा को भाकपा माले जिला कमेटी सदस्य विद्या प्रसाद, नन्देश्वर राम, जितेंद्र यादव, राघव प्रसाद उर्फ बाड़ा बाबू, कमलेश सिंह कुशवाहा, प्रभात सिंह, मंजूर आलम, रिसू कुमार, विजय सिंह, आरआर नशेमन, आरती देवी, माधूरी देवी, श्रीकिसून चौहान, छोटेलाल यादव, राजकुमार यादव, शैलेंद्र राम, छठू साह, सत्येंद्र साहनी, जहरूदीन और रामनाथ राम समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
