गोपालगंज के जनता बाजार में सड़क बनी तालाब, दो दिन में 3 तिपहिया पलटे, दर्जनभर बाइक सवार घायल

घटनास्थल की तस्वीर
गोपालगंज जिले के पंचदेवरी प्रखंड में जनता बाजार की मुख्य सड़क बारिश के कारण बुरी तरह प्रभावित है. जलजमाव और गड्ढों ने इसे खतरनाक बना दिया है, जिससे वाहन चालक और पैदल चलने वाले परेशान हैं. यह समस्या स्थानीय व्यापार को भी नुकसान पहुंचा रही है.
Janata Bazar Road Condition : गोपालगंज जिले के पंचदेवरी प्रखंड स्थित जनता बाजार की मुख्य सड़क बारिश शुरू होते ही लोगों के लिए मुसीबत बन गई है. जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण सड़क तालाब में तब्दील हो गई है. हालात ऐसे हैं कि पिछले दो दिनों में तीन तिपहिया वाहन पलट चुके हैं, जबकि एक दर्जन से अधिक बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो चुके हैं.
Gopalganj News : जलजमाव और गड्ढों से हर दिन हो रहे हादसे.
बारिश के बाद जनता बाजार की मुख्य सड़क पर जगह-जगह पानी भर गया है. पानी में गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण वाहन चालक अचानक संतुलन खो रहे हैं और दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं. पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि बाइक और तिपहिया वाहनों का गुजरना बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है.
दो दिन में तीन तिपहिया पलटे, दर्जनभर बाइक सवार घायल.
स्थानीय व्यवसायियों के अनुसार पिछले दो दिनों में जलजमाव के कारण तीन तिपहिया वाहन पलट चुके हैं. इसके अलावा एक दर्जन से अधिक बाइक सवार सड़क पर फिसलकर घायल हो चुके हैं. लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
बाजार में घटे ग्राहक, कारोबार पर पड़ा असर
बारिश के बाद सड़क की खराब स्थिति का असर स्थानीय कारोबार पर भी साफ दिखाई दे रहा है. आसपास के गांवों के लोग जनता बाजार आने से बच रहे हैं, जिससे दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ा है. व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों की संख्या लगातार कम हो रही है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
हर साल जलनिकासी की समस्या, समाधान अब तक नहीं
व्यवसायियों का आरोप है कि बाजार में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही हालात बन जाते हैं. कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया.
लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार
स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है. जनता बाजार और आसपास के गांवों के लोगों में इस समस्या को लेकर भारी नाराजगी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










