गोपालगंज में आज से कक्षा 1 से 8 तक अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन शुरू, 26 सितंबर को आएगा रिजल्ट
कक्षा में परीक्षा की तैयारी करते छात्र
गोपालगंज जिले के 1700 से अधिक स्कूलों में मंगलवार से कक्षा 1 से 8 तक के लिए अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा शुरू हो रही है. परीक्षा 15 से 20 सितंबर तक चलेगी, जिसके बाद 21 से 25 सितंबर तक कॉपियों का मूल्यांकन होगा. 26 सितंबर को शिक्षक-अभिभावक बैठक में परिणाम घोषित किए जाएंगे.
Half Yearly Assessment Exam: गोपालगंज जिले के 17 सौ से अधिक सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक एवं मध्य विद्यालयों में मंगलवार से अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा शुरू होगी. कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा में शामिल होंगे. 15 से 20 सितंबर तक चलने वाले मूल्यांकन को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी तरह की अनियमितता रोकने के लिए इस बार वीक्षण व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है.
दूसरे स्कूलों के शिक्षक करेंगे वीक्षण
परीक्षा के दौरान विद्यालय के अपने शिक्षक वहां वीक्षण नहीं करेंगे. एक स्कूल के शिक्षकों को दूसरे विद्यालय में वीक्षण की जिम्मेदारी दी गयी है. बीआरसी और सीआरसी स्तर से शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक केंद्राधीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे. शिक्षा विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहेगी और मूल्यांकन प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से पूरी होगी.
कक्षा 1-2 का मौखिक, 3 से 8वीं तक लिखित मूल्यांकन
कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों का अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन मौखिक रूप से होगा. वहीं कक्षा तीन से आठवीं तक के विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा ली जायेगी. परीक्षा के लिए सभी प्रखंडों में प्रश्नपत्र-सह-उत्तर पुस्तिका उपलब्ध करा दी गयी है.
परीक्षा के साथ विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां भी जारी रहेंगी. विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर मध्याह्न भोजन भी दिया जायेगा.
21 से 25 सितंबर तक होगी कॉपियों की जांच
20 सितंबर को परीक्षा समाप्त होने के बाद 21 से 25 सितंबर तक कक्षा तीन से आठवीं तक की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जायेगा. कॉपियों की जांच निकटस्थ स्कूल कॉम्प्लेक्स या संकुल स्तर पर करायी जायेगी.
विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम को मूल्यांकन पंजी, मूल्यांकन प्रपत्र और प्रगति पत्रक में दर्ज किया जायेगा. इसके आधार पर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया जायेगा.
26 सितंबर को होगी शिक्षक-अभिभावक बैठक
26 सितंबर को जिले के सभी विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित की जायेगी. इस दौरान अभिभावकों को उनके बच्चों के परीक्षा परिणाम और शैक्षणिक प्रगति की जानकारी दी जायेगी.
जिन विद्यार्थियों का प्रदर्शन कमजोर रहेगा, उनके लिए आगे की पढ़ाई को बेहतर बनाने की विशेष रणनीति तैयार की जायेगी. शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बच्चों की पढ़ाई को लेकर आवश्यक चर्चा भी होगी.
जिला नियंत्रण कक्ष से परीक्षा की निगरानी
अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन के सफल संचालन और किसी भी समस्या की तत्काल सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष संचालित रहेगा. आरपी सिंह को नियंत्रण कक्ष का नोडल अधिकारी बनाया गया है. तकनीकी एवं अन्य कर्मियों की भी यहां प्रतिनियुक्ति की गयी है.
जिला स्तर से अधिकारियों को प्रखंडवार निगरानी की जिम्मेदारी दी गयी है. जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी और जिला स्तर से लगातार निगरानी रखी जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए