गया जी के बेलागंज में शिक्षक से दिनदहाड़े लूट, बाइक सवार बदमाश ₹1 लाख नकद और जरूरी कागजात वाला बैग ले भागे
गया के बेलागंज में एक शिक्षक से ₹1 लाख नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज से भरा बैग लूट लिया गया. पांच महीने बाद मिले वेतन से पैसे निकालकर शिक्षक घर जा रहे थे. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से लुटेरों की तलाश कर रही है.
Gaya Ji News: जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डोभी-पटना सड़क मार्ग पर स्थित काली मंदिर मोड़ के समीप बुधवार की शाम बाइक सवार उच्चकों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया. मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने टेंपो से जा रहे एक शिक्षक के हाथ से रुपयों से भरा बैग झपट लिया और तेज गति से गया की ओर फरार हो गए. बैग में एक लाख रुपये नकद राशि के अतिरिक्त आवश्यक सरकारी पहचान पत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे.
5 माह बाद मिला था वेतन, जहानाबाद से निकाले थे पैसे
पीड़ित शिक्षक निरंजन कुमार, जो बेलागंज स्थित कृष्णा कॉलोनी के निवासी हैं, ने घटना के संबंध में बताया कि उन्हें करीब पांच माह के लंबे अंतराल के बाद बकाया वेतन प्राप्त हुआ था. घरेलू खर्च चलाने और देनदारियों का भुगतान करने के लिए उन्होंने जहानाबाद स्थित अपने बैंक खाते से एक लाख रुपये की निकासी की थी. बैंक से राशि निकालने के बाद वे ट्रेन पकड़कर बेला स्टेशन पहुंचे और वहां से अपने घर जाने के लिए एक स्थानीय टेंपो में सवार हुए थे.
पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
टेंपो जैसे ही डोभी-पटना मुख्य मार्ग पर काली मंदिर मोड़ के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश तेजी से पास आए. बदमाशों ने झपट्टा मारकर शिक्षक की गोद में रखा बैग छीन लिया. शिक्षक अथवा आसपास के यात्री जब तक कुछ समझ पाते या शोर मचाते, तब तक दोनों अपराधी मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार में भगाते हुए गया की दिशा में ओझल हो गए.
पुलिस कर रही है सीसीटीवी फुटेज की जांच
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय बेलागंज थाना की पुलिस सक्रिय हो गई और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू की. बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित शिक्षक के बयान पर मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. अपराधियों के भागने की दिशा में मुख्य सड़क और आसपास के दुकानों व प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए