गया जी : शेरघाटी अनुमंडल अस्पताल में नहीं सुधरी व्यवस्था, एसडीओ के निर्देश के बावजूद ओपीडी से कई डॉक्टर मिले गायब

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल के ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़ एवं अस्पताल का रोस्टर | Prabhat Khabar Network

शेरघाटी अनुमंडल अस्पताल में एसडीओ के निर्देश के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं, ड्यूटी रोस्टर से कई डॉक्टर गायब मिले, मरीजों को हो रही भारी परेशानी।

विज्ञापन

शेरघाटी अनुमंडल अस्पताल की व्यवस्था सुधारने को लेकर एसडीओ सह आईएएस अधिकारी जतिन कुमार के निर्देश के बावजूद बुधवार को ओपीडी की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा. अस्पताल में डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर सार्वजनिक रूप से नहीं लगाया गया था. वहीं, रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर तैनात कई डॉक्टर भी ओपीडी में मौजूद नहीं मिले.

आपके शहर में

विज्ञापन

पड़ताल में ओपीडी में सिर्फ एक डॉक्टर मिलीं मौजूद

जानकारी के अनुसार बुधवार को डॉ शाइस्ता इकबाल, डॉ भास्कर, डॉ विवेकानंद, डॉ नलिनी, डॉ नदीम अख्तर, डॉ अनिसुर रहमान और डॉ सौरभ कुमार की ड्यूटी बतायी गयी थी. बुधवार को करीब 12:20 बजे प्रभात खबर की पड़ताल में ओपीडी में सिर्फ डॉ नलिनी ही मौजूद मिलीं. अन्य डॉक्टर ओपीडी में नजर नहीं आये.

अस्पताल के ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़ एवं अस्पताल का रोस्टर | Prabhat Khabar Network
अस्पताल के ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़ एवं अस्पताल का रोस्टर | Prabhat Khabar Network

इलाज के लिए मरीजों को करना पड़ा इंतजार

अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे सायरा बानो, अनीता देवी, सुधा कुमारी, महेंद्र महतो, मधुसूदन मांझी और उपेंद्र मांझी समेत कई मरीजों ने बताया कि वे करीब पौना घंटे से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे. मरीजों का कहना था कि यदि ओपीडी में पर्याप्त डॉक्टर मौजूद रहते तो भीड़ कम होती और इलाज के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ता.

मरीजों की शिकायत पर एसडीओ ने किया था निरीक्षण

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह मरीजों की शिकायत मिलने के बाद एसडीओ जतिन कुमार ने शेरघाटी अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण किया था. इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों की रोस्टर के अनुसार उपस्थिति सुनिश्चित करने और ओपीडी में डॉक्टरों की नियमित मौजूदगी का निर्देश दिया था.

अस्पताल के ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़ एवं अस्पताल का रोस्टर | Prabhat Khabar Network
अस्पताल के ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़ एवं अस्पताल का रोस्टर | Prabhat Khabar Network

साफ-सफाई और जलजमाव को लेकर भी दिये थे निर्देश

एसडीओ ने अस्पताल की साफ-सफाई दुरुस्त करने, आरओ के पास जमा कचरा हटाने, गंदे बाथरूम की सफाई कराने और अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या दूर करने के निर्देश भी दिये थे. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की उपाधीक्षक ने व्यवस्था में सुधार के लिए 15 दिनों का समय मांगा था.

एक सप्ताह बीता, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं

व्यवस्था सुधारने के लिए मांगे गये 15 दिनों में करीब एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन डॉक्टरों की उपस्थिति और साफ-सफाई की व्यवस्था में अपेक्षित बदलाव नहीं दिख रहा है. ऐसे में अब यह देखना होगा कि शेष समय में अस्पताल प्रबंधन एसडीओ के निर्देशों को कितना प्रभावी ढंग से लागू कर पाता है.

शेरघाटी अनुमंडल अस्पताल की व्यवस्था पर रहेगी नजर

अनुमंडल अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में ओपीडी में डॉक्टरों की नियमित मौजूदगी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मरीजों के लिए जरूरी हैं. एसडीओ के निर्देश के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं दिखने से अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन