बालू माफियाओं के हौसले बुलंद, अवैध खनन रोकने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, ट्रैक्टर छुड़ाकर फरार हुए धंधेबाज
Published by : Suryakant Kumar Updated At : 05 Jun 2026 9:25 PM
सांकेतिक तस्वीर( ai generated )
Gaya Ji Crime News: गया जिले के इमामगंज प्रखंड अंतर्गत कोठी थाना क्षेत्र में मोरहर नदी में अवैध बालू खनन रोकने गई पुलिस टीम के साथ धंधेबाजों ने जमकर हंगामा किया. इस दौरान आरोपी पुलिस के कब्जे से बालू लदा ट्रैक्टर जबरन छुड़ाकर फरार हो गए.
Gaya Ji Crime News: ( इमामगंज से निर्भय पांडेय की रिपोर्ट) :
कोठी पुलिस थाना क्षेत्र के बाहा गांव के पास मोरहर नदी में अवैध बालू खनन रोकने पहुंची पुलिस टीम के साथ बालू धंधेबाजों द्वारा बदसलूकी और हंगामा करने का एक गंभीर मामला सामने आया है. धंधेबाज और उनके समर्थक पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए बालू लदा ट्रैक्टर जबरन छुड़ाकर मौके से भाग निकले. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित और कड़ा रुख अपनाते हुए एक नामजद आरोपी को धर दबोचा है. जानकारी के अनुसार, कोठी थाना पुलिस को मोरहर नदी में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम छापेमारी करने पहुंची थी.
झारखंड के चतरा से आए थे समर्थक, पुलिस के चंगुल से भगाया ट्रैक्टर
पुलिस जैसे ही कार्रवाई में जुटी, तभी पड़ोसी राज्य झारखंड के चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र स्थित काशीबार गांव के दर्जनों लोग लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंच गए. इन लोगों ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेरकर हो-हल्ला और हंगामा शुरू कर दिया. इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर बालू धंधेबाज नदी से बालू लदे ट्रैक्टर को जबरन चालू कर घटनास्थल से भगा ले गए. कोठी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस से उलझने के मामले को गंभीरता से लिया गया है.
काशीबार गांव का योगेन्द्र सिंह गिरफ्तार, अन्य आरोपियों के लिए छापेमारी तेज
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मौके से हंगामा कर रहे काशीबार गांव (प्रतापपुर, चतरा) के रहने वाले योगेन्द्र सिंह को पुलिस बल के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया गया है. धंधेबाजों और उनके समर्थकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके साथ ही वीडियो और स्थानीय इनपुट के आधार पर घटना में शामिल अन्य उपद्रवियों और फरार ट्रैक्टर चालक व मालिक की पहचान की जा रही है. उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
17 मई को भी हुआ था पुलिस टीम पर हमला, बढ़ती जा रही है चुनौती
गौरतलब है कि कोठी थाना क्षेत्र में बालू माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. इससे पहले बीते 17 मई की रात भी रानीपुर-बेल्हा के पास बालू धंधेबाजों ने पुलिस टीम पर हिंसक हमला बोल दिया था और पुलिस की कस्टडी से बालू लदे दो ट्रैक्टर छुड़ाकर ले भागे थे. हालांकि, उस गंभीर मामले में अब तक किसी भी बालू धंधेबाज की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. इलाके में लगातार हो रही ऐसी दुस्साहसिक घटनाओं से क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई और कानून-व्यवस्था के सामने कड़ी चुनौती खड़ी हो गई है.
Also Read: गयाजी में सोशल मीडिया पर हथियार लहराना पड़ा भारी, पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










