गयाजी में तीन बड़ी लूट कांडों का खुलासा, झारखंड से हथियार के साथ चार शातिर अपराधी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी
Gaya Ji Crime News: गया जिले के इमामगंज, कोठी और बांकेबाजार थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में हुई नकदी और सीएसपी (CSP) संचालकों से लूट की तीन बड़ी वारदातों का पुलिस ने सफल खुलासा किया है.
Gaya Ji Crime News (इमामगंज से निर्भय पांडेय की रिपोर्ट ) :
गया प्रमंडल के इमामगंज, कोठी और बांकेबाजार थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में राहजनी और नकदी लूट की वारदातों को अंजाम देकर आतंक का पर्याय बने गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने गिरोह के चार मुख्य अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. इन अपराधियों की गिरफ्तारी पड़ोसी राज्य झारखंड के चतरा जिला अंतर्गत हंटरगंज थाना पुलिस द्वारा उस समय की गई, जब वे सीमावर्ती इलाके में लूट की एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए गुप्त योजना बना रहे थे. पुलिस ने इनके पास से तीन अवैध हथियार (कट्टा) और कई जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं.
व्यवसायी से हथियार के बल पर लूटे थे 60 हजार रुपये, लगातार बदल रहे थे ठिकाना
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए इमामगंज एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि बीते 19 मई की शाम भीड़हा मोड़ के पास बाइक सवार अपराधियों ने गल्ला व्यवसायी शिवनंदन साव को हथियार का भय दिखाकर उनसे 60 हजार रुपये नकद लूट लिए थे. इस दुस्साहसिक घटना के बाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस की विशेष टीम लगातार तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी कर रही थी. हालांकि, शातिर आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने और मोबाइल सिम बदल रहे थे, जिससे उनकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी. इसी बीच हंटरगंज पुलिस के इनपुट पर इन्हें धर दबोचा गया.
लूट की घटनाओं को किया स्वीकार
पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों की पहचान गया जिले के कोठी थाना क्षेत्र के बाराकला गांव निवासी गौतम पासवान, बाराचट्टी के जयगीर निवासी प्रवीण कुमार, फतेहपुर के पतवास निवासी विकास मांझी उर्फ कमलेश मांझी तथा झारखंड के हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी गोरा पासवान उर्फ चिंटू पासवान के रूप में हुई है. कड़ाई से की गई संयुक्त पूछताछ के दौरान इन चारों अपराधियों ने गया जिले में तीन अलग-अलग बड़ी लूट कांडों में अपनी सीधी संलिप्तता स्वीकार की है.
उन्होंने इकबाल किया है कि इमामगंज के भीड़हा मोड़ पर गल्ला व्यवसायी से हथियार के बल पर 60 हजार रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया था. इसके अलावा, कोठी थाना कांड संख्या 41/26 के तहत बाराकला-देवरिया मार्ग पर एक सीएसपी संचालक को हथियार का भय दिखाकर 1 लाख 20 हजार रुपये उड़ाए थे. साथ ही, बांकेबाजार थाना कांड संख्या 87/26 के अंतर्गत भलूहार गांव स्थित पीएनबी (PNB) सीएसपी संचालक से भी 1 लाख 25 हजार रुपये की बड़ी लूट की वारदात में वे शामिल थे.
गया पुलिस लेगी रिमांड पर, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी तेज
इमामगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि इन अपराधियों के पास से लूटी गई रकम की बरामदगी और गिरोह के अन्य सहयोगियों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए पुलिस इन्हें कोर्ट से रिमांड पर लेने की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर चुकी है. पुलिस अधिकारियों को पूरा भरोसा है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में क्षेत्र में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं और लाइनर की भूमिका निभाने वाले स्थानीय सफेदपोशों के बारे में भी महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं. फिलहाल पुलिस मामले के हर तकनीकी और व्यावहारिक पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है.
Also Read: हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










