गया में पशु व्यापारियों से 5.50 लाख रुपये की लूट, गोलीबारी में चार जख्मी; बदमाशों की तलाश में जुटी SIT
घटना स्थल निरीक्षण करते पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
गया-बिहारशरीफ फोरलेन पर कईया गांव के पास पशु बेचकर लौट रहे व्यापारियों से 5.50 लाख रुपये की लूट हुई. बदमाशों ने मिर्च पाउडर फेंककर हमला किया और विरोध पर गोलीबारी की, जिसमें चार व्यापारी जख्मी हो गये. पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की है.
Gaya Cattle Traders Robbery : गया-बिहारशरीफ फोरलेन मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कईया गांव के समीप शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे पशु व्यापारियों से लूटपाट का मामला सामने आया है. खगड़िया जिले के मानसी से पशु बेचकर औरंगाबाद लौट रहे व्यापारियों की कार को ओवरटेक कर बदमाशों ने रोक लिया.
इस दौरान मिर्च पाउडर फेंककर लूटपाट की गयी और विरोध करने पर कई राउंड गोलियां चलायी गयीं. गोलीबारी में चार पशु व्यापारी जख्मी हो गये. सभी को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार, सभी की हालत खतरे से बाहर है.
जख्मियों की पहचान रफीगंज निवासी मोहम्मद मुस्ताक कुरैशी तथा औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धनॉवा निवासी मोहम्मद इरफान कुरैशी, मोहम्मद आविद कुरैशी और मोहम्मद औरंगजेब कुरैशी के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुटती देख बदमाश मौके से फरार हो गये.
खगड़िया के मानसी से पशु बेचकर लौट रहे थे व्यापारी
मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि चालक समेत पांच लोग कार में सवार होकर खगड़िया जिले के मानसी से पशु बेचकर औरंगाबाद लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आयी एक चारपहिया गाड़ी ने ओवरटेक कर उनकी कार रोक दी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी. इसी बीच बदमाशों ने पशु व्यापारियों पर मिर्च पाउडर फेंक दिया और लूटपाट शुरू कर दी.
व्यापारियों ने विरोध किया तो बदमाशों ने कई राउंड गोलियां चलायीं, जिसमें चार लोग जख्मी हो गये. स्थानीय लोगों की भीड़ जुटती देख सभी बदमाश अपनी कार से फरार हो गये. पशु व्यापारी के मुखिया साबिद कुरैशी के बयान के आधार पर पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
5.50 लाख रुपये नकद लेकर लौट रहे थे व्यापारी
पशु व्यापारियों ने पुलिस को बताया कि पशु बेचने के बाद उन्हें महाजन से बड़ी रकम मिलने वाली थी. हालांकि, महाजन ने नकद भुगतान के बजाय बैंक खाते में पैसे भेजने की बात कही थी. इस कारण व्यापारी केवल 5.50 लाख रुपये नकद लेकर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछा कर लूट की घटना को अंजाम दिया गया.
पुलिस को आशंका है कि घटना में व्यापारियों के परिचित या पशु कारोबार से जुड़े कुछ स्थानीय लोगों की भूमिका हो सकती है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बदमाशों को व्यापारियों की आवाजाही और नकदी की जानकारी कैसे मिली थी.
घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम
घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से मिर्च पाउडर का नमूना सहित अन्य साक्ष्य जुटाये. पुलिस घटनास्थल के आसपास मिले साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
मानपुर से राजगीर तक खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
लूटकांड को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी सुशील कुमार ने डीएसपी अभिनव के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है. स्थानीय पुलिस और डीएसपी की टीम मानपुर से राजगीर तक सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. पुलिस को आशंका है कि लूटकांड में स्थानीय बदमाशों के साथ किसी लाइनर की भी भूमिका हो सकती है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
