गोपालपुर गुमटी के निकट दो बाइक के बीच टक्कर ने दो परिवारों की खुशियां छीनी

पोस्टमार्टम में मौजूद परिजन | Prabhat Khabar Network
दरभंगा के कमतौल में दो बाइक की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे। हादसे से इलाके में शोक की लहर है।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, सड़क हादसे में गई दो युवकों की जान अमित के पिता की करीब 15 दिन पहले छत से गिरने से पंजाब में हो गयी थी मौत छोटे भाई को दरभंगा रेलवे स्टेशन छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था अरमान दरभंगा. कमतौल थाना क्षेत्र के गोपालपुर गुमटी के निकट दो बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली. हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने बुधवार देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. दो अन्य घायलों का इलाज जारी है. मृतकों में बिस्फी थाना क्षेत्र के बलहा घाट निवासी स्व. चंद्रदेव सहनी का 20 वर्षीय पुत्र अमित कुमार तथा रमोल निवासी मो. अरमान (31) शामिल है. परिजनों ने बताया कि अमित कुमार चार बहनों में अकेला भाई था. पिता की करीब 15 दिन पहले पंजाब में छत से गिरने के कारण मौत हो गई थी. पिता के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी अमित के कंधों पर आ गई थी. वही घर का एकमात्र कमाने वाला था. बताया गया कि अमित अपनी जब्त बाइक छुड़ाने के लिए दरभंगा आ रहा था. कागजात फेल होने के कारण उसकी बाइक जब्त कर ली गई थी. इसी दौरान दोस्तों के साथ बाइक से लौटते समय रास्ते में हादसा हो गया. दुर्घटना के बाद कमतौल थाना पुलिस उसे डीएमसीएच लेकर पहुंची. बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां बुधवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. कमतौल थाना पुलिस ने फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी. दूसरे मृतक मो. अरमान हैदराबाद में टाइल्स लगाने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था. मोहर्रम के अवसर पर कुछ दिन पहले घर आया था. बुधवार को वह अपने छोटे भाई को दरभंगा रेलवे स्टेशन छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि अरमान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. अरमान के नाना मो. निसरुल ने बताया कि परिवार का एकमात्र कमाने वाला अरमान ही था. उसकी मौत से पूरा परिवार टूट गया है. गुरुवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम डीएमसीएच में कमतौल थाना पुलिस की मौजूदगी में कराया गया. हादसे में घायल अन्य दो युवकों का इलाज जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










