दरभंगा: टेकटार में अवैध मेडिकल दुकान पर औषधि विभाग का छापा, सभी दवाएं जब्त
जांच करने पहुंची टीम | Prabhat Khabar Network
कमतौल थाना क्षेत्र के टेकटार गांव में एक अवैध मेडिकल दुकान पर औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. शिकायतों के बाद की गई छापेमारी में दुकान से सभी दवाएं जब्त कर ली गई हैं. विभाग अब जब्त दवाओं की गुणवत्ता और खरीद स्रोत की जांच करेगा.
दरभंगा: कमतौल थाना क्षेत्र के टेकटार गांव में कथित रूप से अवैध रूप से संचालित मेडिकल दुकान के खिलाफ औषधि विभाग ने बुधवार को कार्रवाई की. शिकायत के आधार पर औषधि विभाग की टीम ने दुकान में छापेमारी कर वहां रखी सभी दवाओं को जब्त कर लिया. टीम ने दवाओं के नमूने भी लिये हैं.
आपके शहर में
शिकायत के बाद दुकान में पहुंची औषधि विभाग की टीम
जानकारी के अनुसार, टेकटार गांव के किला मस्जिद के समीप जकी अहमद के निवास स्थान में दवाओं की खरीद-बिक्री किये जाने की शिकायत मिली थी. शिकायत के बाद औषधि निरीक्षण टीम ने दुकान की जांच की.
जांच के दौरान दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित आवश्यक कागजात और बिल की पड़ताल की गयी. टीम ने दुकान के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की.
दुकान में रखी सभी दवाएं जब्त
छापेमारी के दौरान दुकान में रखी सभी दवाओं को विभागीय टीम ने अपने कब्जे में ले लिया. टीम ने दवाओं का स्टॉक तैयार करने के साथ आवश्यक दवाओं के नमूने भी लिये.
विभाग की ओर से दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी गयी है. जब्त दवाओं की गुणवत्ता, खरीद के स्रोत और उनके वैध तरीके से बिक्री किये जाने की जांच की जायेगी.
दवाओं के नमूने प्रयोगशाला भेजने की तैयारी
औषधि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दवाओं के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. जांच में दवाओं की गुणवत्ता और उनके स्रोत से संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल की जायेगी.
कार्रवाई के दौरान औषधि नियंत्रण विभाग के अधिकारी, कमतौल थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे.
नियमों का उल्लंघन मिला तो होगी कानूनी कार्रवाई
औषधि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जांच में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ औषधि अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
विभाग की इस कार्रवाई के बाद बिना वैध कागजात के दवा कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति है.
यह भी पढ़ें
दरभंगा: LNMU में PhD की सीटें बढ़कर 1567 हुईं, 568 अतिरिक्त अवसर; 1756 अभ्यर्थियों का होगा इंटरव्यू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए