दरभंगा में रिश्ते शर्मसार मां-बहन पर रुपये के लिए किशोरी को युवक के पास भेजने का आरोप
AI GENERATED IMAGE
दरभंगा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. मां-बहन पर किशोरी को पैसे के लिए युवक के पास भेजने और दुष्कर्म करवाने का गंभीर आरोप लगा है.
Darbhanga News: दरभंगा. रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है. जाले प्रखंड के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी ने अपनी मां और बहन पर रुपये के लालच में उसे गांव के एक युवक के पास भेजने का आरोप लगाया है. किशोरी का आरोप है कि विरोध करने पर उसे पीटकर घर से निकाल दिया गया. इसके बाद युवक ने उसे बंधक बनाकर अपने एक साथी के साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता ने महिला थाना, लहेरियासराय में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रुपये के लालच में युवक के पास भेजने का आरोप
महिला थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, कमतौल थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी ने आरोप लगाया है कि उसकी मां और बहन पिछले कुछ दिनों से रुपये के लालच में उसे गांव के ही एक व्यक्ति के पास भेजती थीं. वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया जाता था. किशोरी के मुताबिक, 15 अक्टूबर को जब उसने वहां जाने से इनकार किया तो मां और बहन ने उसकी पिटाई की और उसे घर से निकाल दिया.
धार्मिक स्थल के पास से पकड़कर बनाया बंधक
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घर से निकाले जाने के बाद वह इधर-उधर भटक रही थी. इसी दौरान 19 अक्टूबर की रात आरोपी युवक ने उसे गांव के एक धार्मिक स्थल के पास से पकड़ लिया. आरोप है कि युवक ने उसे बंधक बनाकर पूरी रात उसके साथ दुष्कर्म किया. अगले दिन सुबह उसने अपने एक साथी को भी वहां बुलाया, जिसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया.
दिव्यांग युवक से जबरन भरवाया सिंदूर
किशोरी का आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने एक दिव्यांग युवक को वहां बुलाया और जबरन उसकी मांग में सिंदूर भरवाकर शादी का नाटक किया. पीड़िता ने विरोध किया और पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो आरोपितों ने उसे जान से मारने तथा हत्या कर शव गायब करने की धमकी दी.
महिला थाना में प्राथमिकी, पुलिस कर रही जांच
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना, लहेरियासराय में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. महिला थाना की थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए