Darbhanga: महिला की हत्या कर शव जलाने का आरोप, पति समेत चार पर प्राथमिकी

Updated:
विज्ञापन

शव का प्रतीकात्मक फोटो, AI जेनरेटेड

मब्बी थाना क्षेत्र के शीशो पूर्वी गांव में एक महिला की हत्या कर शव को जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतका के पिता ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

Darbhanga News: मब्बी थाना क्षेत्र के शीशो पूर्वी गांव में एक महिला की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव जला देने का मामला सामने आया है. घटना तीन दिन पहले की बतायी जा रही है. मृतका की पहचान शीशो पूर्वी निवासी दिनेश मांझी की 30 वर्षीय पत्नी भारती देवी के रूप में हुई है. मामले में मृतका के पिता बहेड़ी थाना क्षेत्र के शिवराम कचहरी टोल निवासी गंगा प्रसाद मांझी ने मब्बी थाना में आवेदन देकर हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पति समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप

प्राथमिकी में मृतका के पति दिनेश मांझी, उसके भाई महेश मांझी, महेश की पत्नी रेखा देवी और रामवृक्ष मांझी को आरोपित किया गया है. आवेदन में कहा गया है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था.

मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि इसी विवाद के कारण पति, भैंसुर और गोतनी समेत अन्य लोगों ने भारती देवी की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जला दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

थाना परिसर में समझौते का प्रयास विफल

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को दी. सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग मब्बी थाना पहुंचे.

सूत्रों के अनुसार, थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच दिनभर समझौता कराने का प्रयास किया गया. सहमति नहीं बनने के बाद मृतका के पिता ने प्राथमिकी दर्ज करायी.

घटनास्थल से श्मशान घाट तक पुलिस ने की जांच

शुक्रवार को पुलिस बल के साथ मब्बी थानाध्यक्ष रौशन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मृतका के घर से लेकर श्मशान घाट तक जांच-पड़ताल की.

एफएसएल की टीम ने श्मशान घाट से जांच के लिए आवश्यक साक्ष्य जुटाये. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

करीब दस दिन पहले ही घर आया था पति

भारती देवी के तीन छोटे बच्चे हैं. सबसे बड़ी पुत्री के बाद एक पुत्र और एक पुत्री है. बताया जाता है कि दिनेश मांझी बाहर रहकर मजदूरी करता है और करीब दस दिन पहले ही घर आया था.

मृतका के भाई ने बताया कि उसके जीजा ने पहले भारती के बीमार होने की बात कही. बार-बार पूछने पर अलग-अलग बातें बताकर मामले को टालते रहे, जिससे संदेह हुआ.

भाई के अनुसार, भारती की शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी. शुरुआत में सब ठीक-ठाक चल रहा था. इधर कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद की जानकारी थी.

पुलिस सभी बिंदुओं पर कर रही जांच

मब्बी थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने कहा, "हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये गये हैं."

यह भी पढ़ें

Darbhanga News: कमतौल में मारपीट और लूट के आरोप में 13 पर प्राथमिकी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन