दलसिंहसराय में व्यवसायी से रंगदारी मांगने का खुलासा, बेगूसराय से 3 आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार बदमाश। | Prabhat Khabar Network
दलसिंहसराय में व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेगूसराय से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानें पूरी खबर।
प्रतिनिधि, दलसिंहसराय : शहर के गोला रोड स्थित व्यवसायी से 'माफिया सिंडिकेट' के नाम पर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बेगूसराय जिले से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. इस मामले में डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. डीएसपी ने बताया की गोला रोड वार्ड संख्या 12 निवासी स्व. सुरेन्द्र प्रसाद साह के पुत्र धर्मेन्द्र कुमार साह ने 4 जुलाई को दलसिंहसराय थाना में आवेदन देकर बताया था कि 3 जुलाई की शाम करीब 6:45 बजे वह अपने सीमेंट-छड़ के प्रतिष्ठान पर मौजूद थे.
इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक कॉल आया. कॉल करने वाले ने स्वयं को समस्तीपुर, पटना और बेगूसराय में सक्रिय ''''माफिया सिंडिकेट'''' का सदस्य बताते हुए 48 घंटे के भीतर रंगदारी की रकम की व्यवस्था करने की धमकी दी. रुपये नहीं देने या पुलिस को सूचना देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई. शिकायत के आधार पर दलसिंहसराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया.
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 7 जुलाई को डीएसपी के नेतृत्व में बेगूसराय जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र के नागदाह गांव में छापेमारी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया. पूछताछ के दौरान तीनों ने रंगदारी मांगने की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली. जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिंघौल थाना क्षेत्र के नागदाह निवासी योगेंद्र पासवान के पुत्र चन्द्रकांत, लक्ष्मण राउत के पुत्र विकास कुमार, मो. हसीबुल हसन के पुत्र मो. महताब के रूप में हुई. पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जांच अभी जारी है. वहीं धमकी देने वाले की गिरफ्तारी के बाद व्यवसायियों ने राहत की सांस ली है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










