CUET UG 2023 के लिए शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया, 6 डोमेन विषयों का कर सकते हैं चुनाव, 21 से 31 मई तक होगी परीक्षा
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 10 Feb 2023 2:30 AM
सीयूइटी सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्नातक प्रवेश के लिए अब देश की दूसरी सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा है. नीट यूजी भारत में सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा है, जिसमें औसतन 18 लाख रजिस्ट्रेशन होते हैं.
बिहार के छात्र जो देश भर की सेंट्रल यूनिवर्सिटियों के अंडर ग्रेजुएशन (यूजी) कोर्सों में एडमिशन की चाहत रखते हैं. उनके लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूइटी) यूजी 2023 के लिए आवेदन की प्रक्रिया गुरुवार रात से शुरू हो गयी. इस बात की जानकारी यूजीसी ने अध्यक्ष प्रो एम जगदीश कुमार ने प्रभात खबर को दी है. ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 मार्च तक है. एग्जाम के शहर की घोषणा 30 अप्रैल को की जायेगी. मई के दूसरे सप्ताह से एडमिट कार्ड जारी किया जायेगा.
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से सीयूइटी यूजी का आयोजन 21 से 31 मई 2023 तक किया जायेगा. टेस्ट अंग्रेजी व हिंदी के अलावा 11 अन्य भारतीय भाषाओं में होगा. गौरतलब है कि यूजीसी ने पिछले साल मार्च में घोषणा की थी कि सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्नातक में प्रवेश एक सामान्य प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दिया जायेगा, न कि कक्षा 12वीं के अंकों के आधार पर.
प्रो कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालयों में स्नातक प्रवेश प्रक्रिया जुलाई 2023 तक पूरी कर ली जायेगी और एक अगस्त से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जायेगा. उम्मीदवारों की संख्या और विषय विकल्पों के आधार पर परीक्षा कई दिनों में तीन पालियों में आयोजित की जायेगी. उम्मीदवार केवल वेबसाइट https://cuet.samarth.ac.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से सीयूइटी यूजी 2023 के लिए आवेदन कर सकते हैं.
प्रो कुमार ने कहा कि सीयूइटी के लिए एक हजार से अधिक टेस्ट सेंटर बनाये जायेंगे. 450-500 सेंटर पर प्रत्येक दिन एग्जाम कराये जायेंगे. सीयूइटी 2023 का सिलेबस 12वीं एनसीइआरटी पाठ्यक्रम के अनुरूप होगा. इसे विभिन्न वर्गों में विभाजित किया जायेगा. टेस्ट साढ़े तीन घंटे का होगा. इसमें मल्टीपल च्वाइस क्वेश्चन (एमसीक्यू) आधारित प्रश्नों में से सही उत्तर का चयन करना होगा. एंट्रेंस परीक्षा 2 शिफ्टों में आयोजित की जायेगी.
पहली शिफ्ट में उम्मीदवार सेक्शन Ɪ (भाषा), इसके साथ दो चुने हुए डोमेन विषय और सामान्य परीक्षा के लिए उपस्थित होना होगा. दूसरी शिफ्ट में वे अन्य चार डोमेन विषयों और एक अतिरिक्त भाषा परीक्षण के लिए उपस्थित होंगे, यदि वे चुनते हैं. सिलेबस में 27 डोमेन-स्पेसिफिक विषय होंगे, जिनमें से छात्र छह तक चुन सकते हैं. इनमें कृषि, एंथ्रोपोलॉजी, अकाउंटिंग, बुक-कीपिंग, परफॉर्मिंग आर्ट्स और संस्कृत आदि शामिल हैं. अधिक जानकारी nta.ac.in पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं.
प्रो कुमार ने कहा कि सीयूइटी 2022 (पीजी) के संबंध में भी जानकारी जल्द दे दी जायेगी. सभी केंद्रीय यूनिवर्सिटियों में शैक्षणिक सत्र 2023-2024 में एडमिशन सीयूइटी से ही होगा. टेस्ट में बेहतर प्रदर्शन करने पर स्टूडेंट्स को बेहतर संस्थान में एडमिशन मिल सकता है. इसके लिए बोर्ड का अंक महत्वपूर्ण नहीं है. टेस्ट एनटीए द्वारा आयोजित किया जायेगा.
एप्लीकेशन लिंक एक्टिव कर दिया गया है. cuet.samarth.ac.in पर जाकर स्टूडेंट्स को आवेदन करना होगा. एनटीए ने सीयूइटी यूजी 2023 के लिए एक से सात जून रिजर्व रखा है.
सीयूइटी-यूजी का पहला संस्करण पिछले साल जुलाई में आयोजित किया गया था, जिसमें 14.9 लाख स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था. सीयूइटी सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्नातक प्रवेश के लिए अब देश की दूसरी सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा है. नीट यूजी भारत में सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा है, जिसमें औसतन 18 लाख रजिस्ट्रेशन होते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










