चार दिवसीय महापर्व छठ शुरू
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :01 Nov 2019 1:22 AM (IST)
विज्ञापन

मोतिहारी/रक्सौल/चकिया : नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय आस्था एवं विश्वास का महापर्व छठ शुरू हो गया. व्रतियों ने गुरुवार को अरवा चावल, अरहर दाल व लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया. शुक्रवार को रसिया, रोटी व गुड़ के खीर का प्रसाद चढ़ाया जायेगा. शनिवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ तथा रविवार को उदयीमान सूर्य […]
विज्ञापन
मोतिहारी/रक्सौल/चकिया : नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय आस्था एवं विश्वास का महापर्व छठ शुरू हो गया. व्रतियों ने गुरुवार को अरवा चावल, अरहर दाल व लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया. शुक्रवार को रसिया, रोटी व गुड़ के खीर का प्रसाद चढ़ाया जायेगा. शनिवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ तथा रविवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ देने के बाद व्रती पारण करेंगे.
वहीं, रक्सौल के पोस्टऑफिस रोड, चावल बाजार, सब्जी बाजार, मछली बाजार से लेकर मेन रोड में पूजन सामाग्रियों की दुकानें सजी रही.
विगत वर्ष की तुलना में छठ पूजा की सामग्रियों की कीमत में इजाफा हुआ है. इसके बाद भी लोग जरूरत के हिसाब खरीदारी कर रहे हैं. श्रद्धालुओं का मानना है कि छठ पूजा की सामग्रियों की कीमत जितनी भी हो जाये, लेकिन यह आस्था का विषय है और इसे पैसे की नजर से नहीं देखा जा सकता है.
इधर, इसके साथ ही शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों पर तैयारियो का क्रम अंतिम चरण में है. शहर के सबसे प्रमुख छठ घाट छठिया घाट आश्रम रोड में सफाई का काम लगभग पूरा कर लिया गया है. कोइरिया टोला स्थित त्रिलोकी नगर स्थित छठिया घाट, नागा रोड स्थित बाबा मठिया छठ घाट, कौड़िहार चौक स्थित छठ घाट, खेखरिया स्थित छठ घाट, सुंदरपुर स्थित छठ घाट, टुमरिया टोला के भकुआ ब्रह्मस्थान छठ घाट, कॉलेज रोड स्थित छठ घाट सहित अन्य छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में है.
इधर, चकिया में व्रतियों ने नदियों तथा तालाबों व जलाशयों में स्नान कर भक्ति भाव से भगवान भास्कर को जल देने के बाद अरवा चावल का भात, अरहर दाल तथा लौकी की सब्जी प्रसाद के रूप में ग्रहण किया. पर्व मनाने को लेकर देश-विदेश में रहनेवाले लोगों का आना-जाना शुरू हो गया है. साथ ही शहर सहित गांव कस्बों में छठ गीत से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है. वही पूजन सामग्री के अलावा वस्त्र आदि खरीदारी के लिए बाजार सहित दुकान में भीड़ उमड़ पड़ी है.
भगवान भास्कर को अर्घ देने के लिए बांस का बना दउरा, सुपली, डगरा का विशेष महत्व है. शहर के केसरिया रोड, साहेबगंज रोड, रानीगंज मुहल्ला स्थित छोटा बाजार सहित अन्य जगहों पर बांस के बने दउरा, डगरा, सूप, डलिया, फल, मिठाई, हाथी, दीयरी सहित अन्य की दुकानें सजाई गयी है. इस बाबत नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी गुरुशरण ने बताया कि नगर पंचायत अंतर्गत 17 घाट सूचीबद्ध है. सर्वाधिक भीड़ बूढ़ी गंडक नदी स्थित बारा घाट व वार्ड नंबर 12 स्थित सरयुग मठ घाट पर होती है. सभी घाटों की साफ-सफाई का कार्य मुकम्मल हो गया है. प्रकाश आदि से सुसज्जित करने का काम चल रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




