Watch Video : बक्सर के राजपुर में बीज नहीं मिलने से निराश लौटे किसान
राजपुर, बक्सर के किसानों को रबी फसल के बीज नहीं मिले। ऑनलाइन आवेदन के बावजूद स्टॉक खत्म होने से किसान परेशान हैं, जिससे उनकी खेती पर संकट मंडराने लगा है।
राजपुर प्रखंड के अमरपुर समेत कई गांवों से कृषि कार्यालय पहुंचे किसानों को रबी फसल का बीज नहीं मिलने के कारण निराश होकर वापस लौटना पड़ा. राज्य सरकार ने कृषि योजनाओं के लिए ऐप आधारित व्यवस्था लागू की है. इसके बावजूद मांग के अनुरूप बीज उपलब्ध नहीं होने से किसानों में गहरा असंतोष है.
ऑनलाइन आवेदन के बाद भी नहीं मिला बीज
अमरपुर निवासी किसान राजकुमार, दीपक कुमार सिंह, मंटू कुमार सिंह और तेज प्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने सरकार के निर्देशानुसार चना, मसूर और सरसों के बीज के लिए समय पर ऑनलाइन आवेदन किया था. किसानों का कहना है कि उनकी जमीन नदी किनारे स्थित है, जहां समय पर बुआई करना बेहद जरूरी है. लेकिन जब वे बीज लेने कृषि विभाग के कार्यालय पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि बीज का स्टॉक पूरी तरह समाप्त हो चुका है.
ऑनलाइन व्यवस्था, लेकिन धरातल पर नहीं मिल रहा लाभ
किसानों ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि खाद, दवा और कृषि उपकरण जैसी योजनाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है. लेकिन धरातल पर किसानों को समय से इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है. बीज की अनुपलब्धता के कारण खेती का समय निकलने की चिंता सता रही है. इससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है.
छोटे और बटाईदार किसानों के लिए बनी परेशानी
इस मामले में जदयू नेता दीनदयाल कुशवाहा ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि ऐप आधारित व्यवस्था से बड़ी जोत वाले किसानों को फायदा मिल सकता है, लेकिन छोटे और बटाईदार किसानों के लिए यह प्रक्रिया काफी जटिल है. उन्होंने सवाल उठाया कि जिन किसानों के नाम से जमीन की रसीद नहीं है, वे ऑनलाइन आवेदन कैसे कर पाएंगे?
सरकार से बीज उपलब्ध कराने की मांग
दीनदयाल कुशवाहा ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि छोटे एवं बटाईदार किसानों की व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया में आवश्यक ढील दी जाए. साथ ही कृषि योजनाओं के तहत खाद और बीज की उपलब्धता जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को समय पर खेती करने में परेशानी न हो.
बक्सर में रघुनाथपुर ROB निर्माण की बढ़ी उम्मीद, 66 निजी और 11 सरकारी जमीनों का होगा अधिग्रहण
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
