बक्सर: डुमरांव के दियारा में बाढ़ का कहर, घरों में घुसा पानी; छतों पर गुजार रहे जिंदगी
महाजी डेरा बस्ती में लगा पानी
डुमरांव के दियारा क्षेत्रों में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त, घरों में घुसा पानी। प्रशासन से राहत, भोजन और पशु चारे की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की गई है।
Buxar Flood : गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के साथ बाढ़ का पानी डुमरांव अनुमंडल के दियारा इलाकों में फैलने लगा है. चक्की प्रखंड की जवहीं पंचायत स्थित महाजी डेरा और पांडे डेरा बाढ़ के पानी से घिर गये हैं. कई घरों में पानी प्रवेश कर जाने के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. वहीं सिमरी प्रखंड के श्रीकांत राय के डेरा में भी बाढ़ के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है.
आपके शहर में
घरों में घुसा पानी, छतों पर रहने को मजबूर परिवार
महाजी डेरा और पांडे डेरा के ग्रामीणों के अनुसार बाढ़ का पानी बस्ती के चारों ओर फैलने के साथ कई घरों में प्रवेश कर गया है. घरों के निचले हिस्से में पानी भर जाने के कारण कई परिवारों को छतों पर रहने को मजबूर होना पड़ रहा है. रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदने के लिए ग्रामीणों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है.
पर्याप्त नाव नहीं मिलने से आवागमन में परेशानी
स्थानीय ग्रामीणों विश्वामित्र यादव, अभिषेक यादव, शिवमुनि, लालू शर्मा, रोहित शर्मा, सुदर्शन यादव, आशुतोष प्रसाद, राहुल यादव समेत अन्य ने बताया कि बाढ़ के कारण गांव का संपर्क प्रभावित हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि अंचलाधिकारी को लगातार स्थिति की जानकारी दी जा रही है, लेकिन अभी तक आने-जाने के लिए पर्याप्त नाव की व्यवस्था नहीं की गयी है. ग्रामीणों के अनुसार बस्ती में अब तक राहत शिविर भी नहीं लगाया गया है.
सैकड़ों एकड़ फसल डूबी, पशु चारे का संकट
बाढ़ के पानी में सैकड़ों एकड़ में लगी फसल डूब गयी है. इससे ग्रामीणों के सामने आर्थिक नुकसान के साथ पशुओं के चारे का संकट भी खड़ा हो गया है. ग्रामीणों के अनुसार पहले से संग्रहित भूसा भी बाढ़ के पानी में भीगकर सड़ रहा है. ऐसे में पशुपालकों को अपने मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था करने में काफी परेशानी हो रही है.
श्रीकांत राय के डेरा में भी संपर्क मार्ग जलमग्न
सिमरी प्रखंड के श्रीकांत राय के डेरा में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार पूरा इलाका बाढ़ की चपेट में है और सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो चुकी है. घरों में पानी घुसने और संपर्क मार्गों के जलमग्न होने से आवागमन लगभग ठप है. कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हो रहे हैं.
एक नाव के सहारे आवागमन, अन्य सुविधाओं की मांग
ग्रामीणों के अनुसार फिलहाल आने-जाने के लिए एक नाव की व्यवस्था की गयी है, लेकिन बाढ़ प्रभावित आबादी को देखते हुए यह पर्याप्त नहीं है. लोगों का कहना है कि बाढ़ के बीच सबसे बड़ी समस्या ईंधन और पशु चारे की है. फसल और चारा पानी में डूब जाने से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ रही है.
तीनों समय भोजन और बच्चों के लिए दूध की मांग
डुमरी भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष अरुण राय ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक राहत व्यवस्था शुरू करने की मांग की है. उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे लोगों के लिए तीनों समय पका हुआ भोजन, नाश्ता और बच्चों के लिए दूध, केला तथा बिस्कुट उपलब्ध कराने की मांग की. साथ ही शुद्ध पेयजल और वाटर टैंकर की व्यवस्था करने की बात कही.
विशेष चिकित्सा शिविर लगाने की मांग
अरुण राय ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई और संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए एंटी-लार्वा का छिड़काव कराने की मांग की. उन्होंने विशेष चिकित्सा शिविर लगाने पर भी जोर दिया, जहां बुखार, सर्दी-खांसी, पेट संबंधी बीमारियों समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच और उपचार हो सके. गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की गयी.
सुरक्षित ठिकाने और पशु चारे की व्यवस्था हो
उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए सुरक्षित आवास, तंबू अथवा स्कूल-कॉलेज जैसी सुरक्षित इमारतों में ठहरने की व्यवस्था करने की मांग की. इसके साथ ही बिस्तर, बिजली की रोशनी और पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की बात कही. महिलाओं के लिए सैनिटरी नैपकिन, बच्चों और बड़ों के लिए आवश्यक कपड़े तथा मच्छरदानी उपलब्ध कराने की मांग की गयी. पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में सूखा चारा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया.
अरुण राय ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्थिति लगातार बिगड़ रही है. ऐसे में प्रशासन को बिना देरी राहत और बचाव कार्य तेज करना चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को जरूरी सुविधाएं मिल सकें.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए