बक्सर: त्योहारों से पहले जगमग होगा डुमरांव, 26 वार्डों की खराब स्ट्रीट लाइटों का सर्वे शुरू
खराब स्ट्रीट लाइटों का सर्वे शुरू। फोटो- AI Generated
Buxar News: डुमरांव नगर परिषद ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व से पहले शहर की खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की बड़ी पहल की है. पुरानी एजेंसी की लापरवाही के बाद नई एजेंसी ‘खुशामित्ता’ ने सभी 26 वार्डों में भौतिक सर्वेक्षण शुरू कर दिया है. सिटी मैनेजर स्तुति सिन्हा के अनुसार, सर्वे पूरा होते ही खराब उपकरणों को बदला जाएगा.
Buxar News: डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र की सड़कों पर लंबे समय से छाया अंधेरा अब जल्द ही दूर होने वाला है. आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए नगर प्रशासन ने शहर की खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के लिए ठोस पहल शुरू कर दी है. पुरानी एजेंसी की लापरवाही और स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद नगर प्रशासन ने नई कार्य एजेंसी ‘खुशामित्ता’ को काम सौंप दिया है. एजेंसी की टीम ने शहर के सभी 26 वार्डों में भौतिक सर्वेक्षण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है.
पुरानी एजेंसी की लापरवाही पर सख्त रुख
नगर परिषद क्षेत्र में करीब तीन वर्ष पूर्व ईईसीएल कंपनी द्वारा कुल 373 स्ट्रीट लाइटें अधिष्ठापित कराई गयी थीं. हालांकि, नियमित रखरखाव और मेंटेनेंस के अभाव में इनमें से अधिकांश लाइटें समय बीतने के साथ खराब होती चली गईं. इसके चलते शाम ढलते ही शहर की प्रमुख सड़कों और रिहायशी मोहल्लों में अंधेरा छा जाता था, जिससे आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. नगर परिषद प्रशासन ने संबंधित एजेंसी को कई बार कारण बताओ नोटिस जारी किया, लेकिन संतोषजनक सुधार न होने पर प्रशासन ने एजेंसी बदलने का सख्त फैसला लिया.
सभी 26 वार्डों में भौतिक सर्वेक्षण शुरू
सोमवार से नई एजेंसी की तकनीकी टीमों ने शहर के सभी 26 वार्डों में जमीन पर उतरकर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का विस्तृत सर्वेक्षण शुरू किया है. सर्वे टीम द्वारा प्रत्येक वार्ड में खराब लाइटों, बिजली पोलों, तारों और अन्य तकनीकी उपकरणों की बिंदुवार सूची तैयार की जा रही है. इस प्रक्रिया से यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन स्थानों पर मामूली मरम्मत से काम चल जाएगा और कहां पूरे उपकरण व लाइटें बदलनी होंगी, जिससे योजनाबद्ध तरीके से मरम्मत कार्य को आगे बढ़ाया जा सके.
बक्सर की ताजा खबर जानने के लिए क्लिक करें.
सर्वे के तुरंत बाद बदले जाएंगे पार्ट्स
नगर परिषद की सिटी मैनेजर स्तुति सिन्हा ने बताया कि "आम जनता की शिकायतों और आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर चालू कराया जा रहा है." उन्होंने आगे कहा कि "सर्वेक्षण का काम पूरा होते ही आवश्यक नए पार्ट्स और खराब लाइटों को बदलने की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी जाएगी, साथ ही बंद पड़े सभी पोलों की क्रमवार जांच कर बिजली आपूर्ति सुचारु की जाएगी."
पर्व से पहले शहर को चमकाने की तैयारी
नगर परिषद प्रशासन का मुख्य लक्ष्य आगामी त्योहारों से पूर्व पूरे नगर क्षेत्र को समुचित रोशनी से आच्छादित करना है. अधिकारियों का कहना है कि पर्व-त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं और राहगीरों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समय-सीमा तय कर सभी मरम्मत कार्य पूरे कराए जाएंगे. नगर परिषद की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों और व्यवसायियों में लंबे समय से चली आ रही अंधेरे की समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए