बक्सर में नंगे तार की चपेट में आए दो मासूम, दोनों की मौत के बाद सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल की तस्वीर

Buxar Accident News: बक्सर में बोरिंग के नंगे तार की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग जाम कर दिया.

विज्ञापन

Buxar Accident News:(विनोद कुमार सिंह) बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत खिलाफतपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई. रेलवे लाइन के पास स्थित खेत में लगे निजी बोरिंग के धारा प्रवाहित नंगे तार की चपेट में आने से दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान खिलाफतपुर निवासी रामाशंकर मुसहर और दिमांगी मुसहर के पुत्रों के रूप में की गई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

कोयला क्षेत्र की ओर जाते समय हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बच्चे रेलवे लाइन के किनारे डंप किए गए कोयले की ओर जा रहे थे. बताया जाता है कि कोयला चोरी की आशंका को लेकर वहां मौजूद प्लांट के सुरक्षा गार्डों ने उन्हें खदेड़ दिया. भागने के दौरान दोनों बच्चे पास के खेत में बिछे बोरिंग के नंगे बिजली तार के संपर्क में आ गए और करंट लगने से उनकी मौत हो गई.

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और सैकड़ों ग्रामीण आक्रोशित हो गए. वे दोनों शवों को लेकर मुफस्सिल थाना पहुंचे और मुआवजे की मांग करने लगे. इसके बाद ग्रामीणों ने शवों को यादव मोड़ तिराहे पर रखकर चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम के कारण घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा.

प्रशासन ने समझा-बुझाकर हटवाया जाम

सूचना मिलने पर स्थानीय समाजसेवी और अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाया-बुझाया और उचित मुआवजे एवं दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है. स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है.

Also Read: रोहतास में फैंसी क्रिकेट मैच में रोमांचक मुकाबला, अधिवक्ताओं की टीम ने प्रशासन को 8 रनों से हराया

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन