बक्सर की जनता को ‘चिरकुट’ कहने के विरोध में विधायक का पुतला दहन, जमकर हुई नारेबाजी
पुतला दहन करते लोग | Prabhat Khabar Network
बक्सर में जनता को चिरकुट कहने पर भाजपा विधायक आनंद मिश्रा का विरोध। समाजवादी विचार मंच ने पुतला दहन कर सार्वजनिक माफी की मांग की। जानें पूरी खबर।
Buxar News : बक्सर की जनता को ‘चिरकुट’ कहने के कथित बयान के विरोध में बुधवार को ज्योति चौक पर भाजपा विधायक आनंद मिश्रा का पुतला दहन किया गया. समाजवादी विचार मंच बिहार के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी की और उनके कथित बयान पर नाराजगी जतायी. कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के संयोजक संतोष यादव उर्फ संतोष मुखिया ने की.
आपके शहर में
जनता को ‘चिरकुट’ कहना लोकतंत्र का अपमान : संतोष
प्रदर्शन के दौरान संतोष मुखिया ने कहा कि जनता को ‘चिरकुट’ कहना न सिर्फ बक्सर की जनता, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का भी अपमान है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को अपनी समस्याओं और अधिकारों के लिए आवाज उठाने का संवैधानिक अधिकार है. शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन जनता की लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति है और इसे अपराध की तरह नहीं देखा जाना चाहिए.
जनप्रतिनिधि जनता का मालिक नहीं
संतोष मुखिया ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के वोट से चुना जाता है और इसका मतलब यह नहीं कि वह जनता का मालिक बन जाता है. जनता को सवाल पूछने और अपनी समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरने का अधिकार है. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता को अपमानित करने के बजाय उनकी समस्याएं सुननी चाहिए और उनके सवालों का जवाब देना चाहिए.
विधायक से सार्वजनिक माफी की मांग
समाजवादी विचार मंच ने मांग की कि भाजपा विधायक आनंद मिश्रा अपने कथित बयान को लेकर सार्वजनिक रूप से जनता से माफी मांगें. साथ ही भविष्य में सार्वजनिक मंचों पर मर्यादित भाषा का प्रयोग करें. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘जनता चिरकुट नहीं, लोकतंत्र की ताकत है’ जैसे नारे लगाये.
प्रदर्शन में कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
पुतला दहन कार्यक्रम में शशि कुमार राय, सतेंद्र आजाद, दीपक यादव, अजय कुशवाहा, बबलू यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता के सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर उनका विरोध जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए