बिहारशरीफ में छात्राओं से डीएम ने कहा- गलत के खिलाफ आवाज उठाएं, बदलाव की पहली सीढ़ी है आपकी आवाज
स्कूली बच्चियों की समस्याएं सुनतीं डीएम उदिता सिंह. | Prabhat Khabar Network
बिहारशरीफ डीएम उदिता सिंह ने बालिका उच्च विद्यालय, सोहसराय की छात्राओं से गलत के खिलाफ आवाज उठाने का आग्रह किया. उन्होंने शिक्षा को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव बनाने पर जोर दिया.
Biharsharif DM Udita Singh Student Interaction : बड़े बदलाव के लिए छोटी-छोटी आहुति देनी पड़ती है. गलत को देखकर चुप रहेंगे तो गलत होता रहेगा, लेकिन आवाज उठाएंगे तो बदलाव जरूर आएगा. यह संदेश जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिका उच्च विद्यालय, सोहसराय की छात्राओं के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में दिया.
आपके शहर में
उन्होंने छात्राओं से अन्याय और उत्पीड़न को सहने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि आपकी आवाज बदलाव की पहली सीढ़ी है.
छात्राओं के सपने और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा
संवाद कार्यक्रम में छात्राओं ने अपने सपनों, भविष्य के लक्ष्य, सामाजिक चुनौतियों, विद्यालय की समस्याओं और जिले के विकास से जुड़े मुद्दों पर डीएम के साथ खुलकर विचार साझा किए.
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं से उनके भविष्य के सपनों और पसंदीदा करियर को लेकर बातचीत से हुई, जहां छात्राओं ने पायलट, डॉक्टर, पुलिस अधिकारी, वकील, आईएएस, इंडियन आर्मी, शिक्षक, जज और सिविल सर्विसेज में जाने की इच्छा जताई.

आत्मविश्वास और शिक्षा को मजबूत नींव बनाने की प्रेरणा
डीएम उदिता सिंह ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अपने लक्ष्य को लेकर आत्मविश्वास बनाए रखें और शिक्षा को अपने सपनों की सबसे मजबूत नींव बनाएं.
उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण हों, निरंतर सीखने, मेहनत, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र का भ्रमण
संवाद कार्यक्रम के बाद छात्राओं को एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र का भ्रमण कराया गया. नोडल पदाधिकारी गुलरेज आलम ने छात्राओं को शहर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की जानकारी दी.
Also Read : नालंदा: सड़क हादसे में घायल शिक्षिका की इलाज के दौरान मौत, स्कूल में शोकसभा कर दी गई श्रद्धांजलि
छात्राओं को शहर में लगाए गए 491 कैमरों, 15 प्रमुख क्षेत्रों में स्थापित सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली तथा 10 प्रमुख स्थानों पर लगाए गए आपातकालीन कॉल बॉक्स की कार्यप्रणाली समझाई गई और बताया गया कि आपात स्थिति में सहायता बटन के माध्यम से तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है.

वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली और उपस्थिति
इसके बाद छात्राओं ने वन स्टॉप सेंटर का भ्रमण किया. नोडल पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अर्चना कुमारी ने छात्राओं को केंद्र की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी.
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला मिशन समन्वयक, मनो-सामाजिक परामर्शदाता, विद्यालय की शिक्षिकाएं, छात्राएं सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए