बिहार में फिर बिगड़ा मौसम, इन 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने 18 जिलों के लिए जारी किया येलो अलर्ट
भारी बारिश और मेघगर्जन की सांकेतिक तस्वीर
Bihar Rain Alert: बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने 7 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. राज्य के कई नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है.
Bihar Rain Alert: बिहार में मानसून एक बार फिर मजबूत हो गया है. राज्य के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है. लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. गंगा समेत कई प्रमुख नदियां उफान पर हैं. कई इलाकों में पानी भरने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
आपके शहर में
मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 7 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र और झारखंड के आसपास सक्रिय मौसम प्रणाली बारिश की वजह बनी हुई है. इससे बिहार में नमी वाली हवाएं पहुंच रही हैं.
7 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
उत्तर-पूर्वी बिहार के 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार शामिल हैं. इन जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
18 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, गया, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई, बांका और सहरसा में येलो अलर्ट जारी किया है.
इन इलाकों में बादल छाए रहेंगे. हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. बारिश से उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. पटना समेत बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है.

पटना में आज कैसा रहेगा मौसम?
पटना में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे. कुछ इलाकों में बारिश या गरज के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, 5 और 6 सितंबर को भी पटना में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान हल्की बारिश या गरज-चमक होने की संभावना है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
बिहार में अब भी सामान्य से 36% कम बारिश
राज्य में बारिश का आंकड़ा देखें तो इस साल अब तक बिहार में 503.4 मिमी बारिश हुई है. सामान्य तौर पर इस अवधि में 789.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. इस लिहाज से राज्य में अब तक करीब 36 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है. हालांकि, पिछले दो दिनों से मानसून की सक्रियता बढ़ी है.
बारिश के बावजूद तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं
बारिश के बावजूद अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में बहुत बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है. राज्य में अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हवा में नमी ज्यादा होने के कारण उमस बनी रह सकती है. बारिश के बीच भी लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
बुधवार को इन शहरों में रहा इतना तापमान
बुधवार को बिहार के कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री के बीच दर्ज किया गया.
- कैमूर: 34.2°C
- मोतिहारी: 32.6°C
- पूर्णिया: 32.4°C
- अररिया: 32.2°C
- सुपौल: 31.8°C
- छपरा: 31.6°C
- गया: 31.4°C
- मुजफ्फरपुर: 31.2°C
- मधेपुरा: 30.7°C
मौसम विभाग ने निचले इलाकों और नदियों के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए