Bihar Crime: जमुई में अपराधी बेखौफ, शौच के लिए निकले बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या
जमुई में अपराधी बेखौफ होकर हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. बुधवार देर शाम एक बुजुर्ग की हत्या गोली मारकर कर दी गई.शौच पर गए बुजुर्ग को अपराधियों ने निशाना बनाया.
Bihar Crime News: जमुई जिले में बुधवार देर शाम अपराधियों ने एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी. मामला सदर थाना क्षेत्र के अंबा गांव का है, जहां अपराधियों ने इस संगीन वारदात को अंजाम दिया है. मृतक की शिनाख्त अंबा गांव निवासी 70 वर्षीय नुनेश्वर तांती उर्फ नूनदेव तांती के रूप में किया गया है.
आपके शहर में
बताया जाता है कि खेत से काम कर लौटने के उपरांत बुधवार देर शाम वह शौच के लिए गांव स्थित तालाब की तरफ गया था. जहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने बुजुर्ग को गोली मार दी. गोली नुनेश्वर यादव के दाहिनी छाती में लगी और वह वहीं गिर गए. काफी देर बाद जब गांव के कुछ अन्य लोग उसी तरफ शौच के लिए गए तब उन्होंने नुनेश्वर तांती को वहां गिरा देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी. परिजनों के द्वारा तुरंत बुजुर्ग को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
परिजनों ने बताया कि उनकी गांव में किसी से किसी भी तरह की कोई दुश्मनी नहीं थी. गोली किसने मारी है या हत्या के पीछे की क्या वजह है इसका अभी तक कुछ भी खुलासा नहीं हो सका है. घटना के बाद सदर थानाध्यक्ष राजीव कुमार दल बल के साथ पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण हेतु सदर अस्पताल भेज दिया.
पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद परिजन सहित पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
इनपुट- जमुई से गुलशन कश्यप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए