राघोपुर में बेकाबू गंगा कटाव ने बढ़ाई सियासी गर्मी, सांसद-मंत्री आमने-सामने

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

राघोपुर में गंगा का कटाव विकराल रूप ले चुका है, जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. इस प्राकृतिक आपदा के बीच अब सियासत भी गरमा गई है. सांसद अजय मंडल और मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र के अलग-अलग बयानों ने कटाव को राजनीतिक मुद्दा बना दिया है.

विज्ञापन

गोपालपुर (भागलपुर) : राघोपुर में गंगा का भीषण कटाव लगातार गंभीर होता जा रहा है. घर और जमीन गंगा में समाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं. इस बीच कटाव को लेकर अब सियासत भी तेज हो गयी है. मंगलवार देर रात भागलपुर सांसद अजय मंडल और स्थानीय विधायक सह पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने कटाव प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया.

आपके शहर में

विज्ञापन


गोपालपुर  राघोपुर में गंगा कटाव में समाते दुर्गा मंदिर का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
गोपालपुर राघोपुर में गंगा कटाव में समाते दुर्गा मंदिर का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

सांसद ने उठाये कटाव निरोधी कार्यों पर सवाल

निरीक्षण के दौरान सांसद अजय मंडल ने कटाव निरोधी कार्यों पर गंभीर सवाल उठाये. उन्होंने बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता और पैसों के खेल का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा राघोपुर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है.

सांसद ने कटाव निरोधी कार्यों की जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उनका कहना था कि हर साल कटाव की समस्या गंभीर होती जा रही है और इसके बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित काम नहीं हो रहा.

मंत्री बोले- गंगा ने बदला रास्ता, इसलिए बढ़ा कटाव

वहीं स्थानीय विधायक सह पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने कटाव की गंभीरता के पीछे गंगा नदी के अपना मार्ग बदलने को प्रमुख कारण बताया. उन्होंने कहा कि नदी के रुख में बदलाव के कारण इस इलाके में कटाव तेज हुआ है.

दोनों जनप्रतिनिधियों के अलग-अलग बयान के बाद राघोपुर में कटाव को लेकर चर्चा और तेज हो गयी है.

बूलो मंडल की चुप्पी पर भी उठे सवाल

राघोपुर क्षेत्र से जुड़े गोपालपुर विधायक सह ऊर्जा मंत्री बूलो मंडल की ओर से इस मुद्दे पर अब तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आने को लेकर भी राजनीतिक चर्चा शुरू हो गयी है. कटाव से बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने के बीच उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठाये जा रहे हैं.

अर्पणा कुमारी ने सत्ता पक्ष पर साधा निशाना

बिहपुर विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन समर्थित वीआईपी उम्मीदवार अर्पणा कुमारी ने राघोपुर कटाव को लेकर सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि गंगोता समाज के लोग हर वर्ष कटाव का दंश झेलते हैं, लेकिन समाज से सांसद और मंत्री होने के बावजूद उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया.

अर्पणा कुमारी ने कहा कि वर्षों से जारी इस संकट के बावजूद केवल निरीक्षण और बयानबाजी से लोगों को राहत नहीं मिलेगी. उन्होंने सवाल उठाया कि जब हर साल घर और जमीन गंगा में समा रही है तो स्थायी समाधान के लिए अब तक ठोस पहल क्यों नहीं की गयी.

उन्होंने बूलो मंडल की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कटाव प्रभावित लोगों को सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए.

कटाव पर बढ़ा राजनीतिक टकराव

राघोपुर में जारी कटाव अब केवल प्राकृतिक आपदा का मुद्दा नहीं रह गया है. एक तरफ सांसद अजय मंडल कटाव निरोधी कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितता की जांच की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी ओर पथ निर्माण मंत्री नदी के बदलते रुख को कटाव की मुख्य वजह बता रहे हैं. वहीं विपक्षी खेमे ने इसे सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठाने का मुद्दा बना लिया है.

फिलहाल राघोपुर के ग्रामीणों की सबसे बड़ी मांग यही है कि गंगा कटाव से स्थायी सुरक्षा मिले और उनके घर-जमीन उजड़ने का सिलसिला रुके.

पहले गंगा ने छीना था घर, अब रेलवे लाइन भी खतरे में... एक क्लिक में पढ़ें शंकरपुर-राघोपुर के लोग फिर क्यों हो रहे बेघर?

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन