Bhagalpur News. नगर आयुक्त की पहली बड़ी पहल, 5.28 करोड़ की योजनाओं को मिली मंजूरी

Published by : KALI KINKER MISHRA Updated At : 30 Jan 2026 1:06 AM

विज्ञापन

नगर निगम की नई योजनाओं को मंजूरी.

विज्ञापन

-सड़क, नाला व पुलिया सहित हर जोन में एक-एक बोरिंग का होगा निर्माण

नगर आयुक्त के योगदान देने के बाद पहली बार शहर की दो महत्वपूर्ण नागरिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं पर उनकी स्वीकृति की मुहर लगी है. इसके साथ ही इन योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है. यह लगभग 5 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से कार्य कराये जायेंगे.पहली योजना के तहत शहर के सभी वार्डों में सड़क निर्माण का निर्णय लिया गया है. जिन वार्डों में नाले की आवश्यकता है, वहां सड़क निर्माण के साथ-साथ नाले का भी निर्माण कराया जायेगा. इसके अलावा वार्ड संख्या 13 में पुलिया निर्माण को भी सुनिश्चित किया गया है. सड़क, नाला और पुलिया निर्माण पर कुल 4 करोड़ 35 लाख 13 हजार 211 रुपये खर्च किये जायेंगे.

दूसरी योजना के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के चारों जोनों में एक-एक डीप बोरिंग का निर्माण किया जायेगा. प्रत्येक जोन में 23 लाख 32 हजार 500 रुपये की लागत से बोरिंग करायी जायेगी. इस तरह कुल 93 लाख 30 हजार रुपये बोरिंग निर्माण पर खर्च होंगे.

एक से तीन माह में बनाना होगा सड़क, नाला और पुलिया

नगर निगम के सभी वार्डों में सड़क, नाला और पुलिया का निर्माण चयनित एजेंसी को एक से तीन महीने में बनाकर तैयार करना अनिवार्य होगा. 06 फरवरी को निविदा खोली जायेगी. इससे पहले 30 जनवरी का निगम ने प्री-बिड मीटिंग निर्धारित किया है. इधर, नगर निगम ने बोरिंग निर्माण की जो योजना बनायी है, उससे इस गर्मी में लोगों को काफी हद तक जलापूर्ति संकट से राहत मिलेगी. चयनित एजेंसी के लिए चार माह में बोरिंग का निर्माण कराना तय किया है. 09 फरवरी को निविदा खोली जायेगी. इससे पहले 02 फरवरी को प्री-बिड मीटिंग किया जायेगा.

-30 जनवरी को नगर आयुक्त करेंगे समीक्षा बैठक

नगर आयुक्त किसलय कुमार ने स्माॅल क्रॉलर हाइड्रोलिक एक्सवेटर की तकनीकी विशिष्टियों का निर्धारण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है और इसके लिए नगर विकास मंडल के कार्यपालक अभियंता, स्मार्ट सिटी लिमिटेड के वरीय तकनीकी प्रबंधक टीआर प्रशांत सहित कई अधिकारियों के नाम से नोटिफिकेशन जारी किया गया है. इसमें कहा गया है कि उक्त उपकरण का क्रय जेम पोर्टल के माध्यम से किया जाना है और इसके लिए तकनीकी विशिष्टियों का निर्धारण किया जाना है. यह भी कहा गया है कि एंटी स्माग गन के लिए भी तकनीकी विशिष्टियों का निर्धारण कर रिपोर्ट उपलब्ध करायेंगे. व्हील स्किड स्टीर लोडर की भी खरीद होनी है और इसके लिए रिपोर्ट की मांग की है. इसके अलावा गार्वेज इ-रिक्शा व ठेका भी क्रय किया जाना है और इसकी भी तकनीकी विशिष्टियों का निर्धारण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने कहा गया है. ताकि इसका उपयोग साफ-सफाई में किया जा सके. नगर आयुक्त समीक्षा बैठक करेगी और इसके लिए 30 जनवरी की तिथि निर्धारित की है. इस बैठक की सूचना लिखित रूप से उप नगर आयुक्त राजेश कुमार पासवान, नगर विकास प्रमंडल के सहायक अभियंता संजय कुमार एवं बुडको के सहायक अभियंता को दी गयी है.

विज्ञापन
KALI KINKER MISHRA

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन